LIVE UPDATE
Big newsBilaspurChhattisgarh

विकास ठप, शिकायतें जारी: नगर पंचायत अध्यक्ष की भूमिका पर सवाल…पार्षदों ने खोला मोर्चा

राजपुर नगर पंचायत में घमासान: पार्षदों ने अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

बलरामपुर (पृथ्वीलाल केशरी)..नगर पंचायत राजपुर में आंतरिक खींचतान एक बार फिर सार्वजनिक हो गई है। नगर पंचायत के पार्षदों ने प्रेस वार्ता कर अध्यक्ष धरम सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे नगर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय लगातार कलेक्टर बलरामपुर को मिथ्या शिकायतें भेजकर निकाय के कामकाज में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।

पार्षदों का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष के पास नगर के लोकहित और विकास को लेकर कोई स्पष्ट कार्ययोजना नहीं है। इसके विपरीत वे दलालों के प्रभाव में आकर न केवल नगर पंचायत के कार्यों को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि अधिकारी-कर्मचारियों पर दबाव बनाने के उद्देश्य से उनके विरुद्ध भी निराधार शिकायतें कर रहे हैं।

प्रेस वार्ता में कहा कि एक ओर अध्यक्ष धरम सिंह सार्वजनिक मंचों पर स्वयं को “ट्रिपल इंजन सरकार” का हिस्सा बताते हुए विकास के बड़े-बड़े दावे करते नजर आते हैं, वहीं दूसरी ओर परिषद गठन के नौ माह बीत जाने के बावजूद नगर पंचायत राजपुर को शासन स्तर से किसी भी विकास कार्य की स्वीकृति नहीं मिल पाई है। पार्षदों ने इसे अध्यक्ष की विफल कार्यशैली का परिणाम बताया।

पार्षदों ने तुलना करते हुए कहा कि इसी विधानसभा क्षेत्र की कुसमी नगर पंचायत में, जहां अध्यक्ष डबल इंजन सरकार के विरुद्ध निर्वाचित हैं, वहां लगातार विकास कार्यों को स्वीकृति मिल रही है। ऐसे में राजपुर नगर पंचायत में ठहराव इस बात की ओर संकेत करता है कि कहीं न कहीं नेतृत्व स्तर पर गंभीर चूक हो रही है।

पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया कि मंगल भवन निर्माण, स्ट्रीट लाइट और सीएमओ पर डीजल चोरी जैसे मामलों में अध्यक्ष द्वारा की गई शिकायतों को छह माह से अधिक समय बीतने के बावजूद कोई ठोस परिणाम नहीं मिला, जिससे यह स्पष्ट होता है कि शिकायतें तथ्यपरक न होकर केवल दबाव बनाने का माध्यम थीं।

पार्षदों का कहना है कि इन परिस्थितियों के चलते नगर के लोकहित से जुड़े कार्य और विकास योजनाएं लगभग ठप हो गई हैं। उन्होंने अध्यक्ष धरम सिंह से सार्वजनिक रूप से जनता से माफी मांगने और नैतिक आधार पर पद से इस्तीफा देने की मांग की।

प्रेस वार्ता के दौरान पार्षद प्रभात रंजन त्रिपाठी, विश्वास कुमार गुप्ता, नेहा चौबे सहित नगर के गणमान्य नागरिक राजेंद्र सिंह, कौशल चौब सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close