प्रेम विवाद में सनसनीखेज हत्या: मां-बेटे ने युवती को जंगल ले जाकर खत्म किया, गिरफ्तारी के बाद कबूला जुर्म
घर से लेकर गया और जंगल में पहुँचकर गमछा से दबाया गला

बलरामपुर (पृथ्वीलाल केशरी)…रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्या का मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने मृतका के प्रेमी और उसकी मां को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
घटना की शुरुआत तब हुई जब 8 दिसंबर को मृतका के भाई ने थाना सनावल में गुम इंसान का मामला दर्ज कराया। परिवार ने बताया था कि मृतका रात में बिना बताए घर से लापता हो गई है। पुलिस ने खोजबीन शुरू की, लेकिन अगले ही दिन 9 दिसंबर को सिलाजू गांव के चना-महुआ जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से मामला गंभीर मोड़ में आ गया। पहचान होने पर स्पष्ट हुआ कि शव उसी युवती का है जिसकी गुमशुदगी दर्ज थी। चूंकि स्थल रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में आता था, इसलिए केस ट्रांसफर कर रामचंद्रपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 53/25 के तहत धारा 103(1), 238 और 3(5) BNS के तहत जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतका के प्रेमी रविन्द्र कुमार गोंड पर संदेह गहराता गया। हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर रविन्द्र टूट गया और उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि मृतका उससे शादी करने का दबाव बना रही थी, जिसे लेकर वह नाराज़ था। आरोप है कि इसी रंजिश में उसने अपनी मां हेमन्ती के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई।
पुलिस पूछताछ के अनुसार आरोपी रविन्द्र, अपनी मां के साथ मृतका को उसके गांव से “घर छोड़ने” के बहाने जंगल की ओर ले गया। वहां गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार 11 दिसंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। थाना रामचंद्रपुर पुलिस आगे मामले की विवेचना कर रही है।




