LIVE UPDATE
Chhattisgarh

‘नौकरी छोड़ो तभी शादी करूंगा’, सब इंजीनियर प्रेमिका से शर्त रखकर सहायक पोस्ट मास्टर ने किया रेप, अब पहुंचा जेल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 दिसंबर 2025 को 35 वर्षीय पीड़ित युवती ने तुमला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उसकी पहचान वर्ष 2024 में सौरभ कुमार (27 वर्ष) से हुई थी, जो जशपुर जिले में सहायक पोस्ट मास्टर के पद पर कार्यरत है। उस समय पीड़िता एक जिले के जनपद पंचायत में तकनीकी सहायक के रूप में काम कर रही थी।

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में प्रेम प्रसंग और धोखे का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सहायक पोस्ट मास्टर ने महिला सब इंजीनियर को शादी का झांसा देकर न केवल उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि एक अजीब शर्त रखकर उसकी सरकारी नौकरी भी छुड़वा दी।

तुमला थाना क्षेत्र की इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के महज 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी प्रेमिका से उम्र में आठ साल छोटा है और मूल रूप से बिहार का रहने वाला है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 दिसंबर 2025 को 35 वर्षीय पीड़ित युवती ने तुमला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उसकी पहचान वर्ष 2024 में सौरभ कुमार (27 वर्ष) से हुई थी, जो जशपुर जिले में सहायक पोस्ट मास्टर के पद पर कार्यरत है। उस समय पीड़िता एक जिले के जनपद पंचायत में तकनीकी सहायक के रूप में काम कर रही थी।

दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद 14 जनवरी 2025 को जब युवती छुट्टी पर अपने घर तुमला आई थी, तब आरोपी सौरभ उसे अपने किराए के मकान में ले गया और शादी का वादा कर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद जून 2025 तक जब भी वह छुट्टी पर आती, आरोपी शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि जब पीड़िता ने सौरभ पर शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने शर्त रख दी कि वह तकनीकी सहायक की नौकरी छोड़ दे, तभी वह उससे शादी करेगा।

प्यार में अंधी और शादी की आस में युवती ने अपनी नौकरी छोड़ दी। नौकरी छोड़ने के बाद आरोपी ने उसे कुछ दिन अपने साथ रखा, लेकिन बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया और गाली-गलौज कर उसे भगा दिया। अपने साथ हुए धोखे और भविष्य खराब होने के बाद पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तुमला पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। पुलिस ने आरोपी सौरभ कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 64 (2)(M) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी सहायक पोस्ट मास्टर को हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के साथ अपराध करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button