CG News: मैप देखकर रास्ता भटका टैंकर चालक बना लुटेरों का शिकार! दुर्ग में रात के अंधेरे में रोककर नगदी और मोबाइल लूटा

CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लूट का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां रात के अंधेरे में गूगल मैप का सहारा लेकर रास्ता भटक गए एक टैंकर चालक को लुटेरों ने अपना शिकार बना लिया और उससे मोबाइल और नगदी लूटकर फरार हो गए। यह घटना लिटिया-सेमरिया चौकी क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, टैंकर चालक वंशराज यादव अपने हेल्पर अंकित यादव के साथ 6 दिसंबर की रात लखौली इंडियन ऑयल डिपो से डीजल लेकर राजनांदगांव के एक पेट्रोल पंप पर गया था।
डीजल खाली करने के बाद वे गूगल मैप की मदद से वापस लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे वे रास्ता भटककर बिरेझर गांव पहुंच गए।
गांव में, आग ताप रहे 3 से 4 लड़कों ने उन्हें रोक लिया और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरे टैंकर चालक से ₹3,000 नगद, उसका मोबाइल और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग छीनकर भाग निकले।
लूटपाट के बाद चालक वंशराज यादव किसी तरह मेन रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और पूरी रात वहीं खड़े रहे।
अगले दिन, 7 दिसंबर की सुबह उन्होंने लिटिया-सेमरिया चौकी पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इस लूटपाट की घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।





