
जयपुर।…राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर खंडपीठ में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रजिस्ट्रार-प्रशासन के आधिकारिक ई-मेल पर एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। मेल में न सिर्फ कोर्ट परिसर को उड़ाने की धमकी दी गई थी, बल्कि हाईकोर्ट के जजों और स्टाफ के नामों का जिक्र करते हुए स्पष्ट रूप से “जल्दी से खाली कराओ, हम संपत्ति का नुकसान चाहते हैं” जैसे वाक्य लिखे गए थे।
अदालत भवन खाली, सुनवाई तत्काल रोकी गई
मेल की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। सुरक्षा कारणों से अदालत भवन को खाली करवाया गया और सभी न्यायिक कार्यवाही तत्काल रोक दी गईं।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने परिसर की तलाशी ली, वहीं इंटेलिजेंस एजेंसियां ई-मेल के स्रोत और आईपी एड्रेस की ट्रैकिंग में जुट गई हैं।
मेल में विदेशी लिंक और ‘मीडिया कनेक्शन’ का दावा
अधिकारियों के अनुसार, मेल में तमिलनाडु की घटनाओं, पाकिस्तान कॉर्डिनेशन, कुछ ‘एक्स’ हैंडल्स और मीडिया से जुड़े आरोपों का भी उल्लेख था। संदेश में ऐसे कई संदर्भ मिले हैं, जो विदेशी या साइबर नेटवर्क से जुड़ी साजिश की ओर इशारा करते हैं।
इंटेलिजेंस यूनिट्स अब मेल में प्रयुक्त भाषा, टोन और संदर्भों का विश्लेषण कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह वास्तविक खतरा है या किसी तरह का भड़काऊ साइबर संदेश।
सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
हाईकोर्ट परिसर के सभी एंट्री पॉइंट्स पर तलाशी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा बलों ने हर आने-जाने वाले की सख्त चेकिंग शुरू कर दी है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है और फिलहाल लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें, केवल आधिकारिक सूचना पर ध्यान दें।
जांच की दिशा
पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि धमकी भरा मेल किस लोकेशन या सर्वर से भेजा गया और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या व्यक्तिगत मानसिकता छिपी है।
साथ ही, जांच एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि मेल में दर्ज सोशल मीडिया हैंडल्स किस हद तक सक्रिय या फर्जी हैं।




