LIVE UPDATE
BilaspurChhattisgarh

15,000 की क्षमता वाले जेल में 20,000 कैदी, हाईकोर्ट ने उठाए सवाल – व्यवस्था सुधारने का फरमान

बिलासपुर…प्रदेश के जेलों में क्षमता से अधिक कैदियों को रखे जाने के गंभीर मुद्दे पर मंगलवार, 16 सितंबर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान जेलों में वरिष्ठ सहायता कल्याण अधिकारियों की नियुक्ति पर बहस हुई और अदालत ने शासन से कड़ा रुख अपनाते हुए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने शासन से शपथपत्र के साथ 8 दिसंबर तक जवाब पेश करने का आदेश दिया।

शासन की ओर से बताया गया कि प्रदेश की पाँच केंद्रीय जेलों में से दो में सहायता कल्याण अधिकारियों की नियुक्ति हो चुकी है, जबकि शेष तीन जेलों में नियुक्ति अभी बाकी है। वहीं याचिकाकर्ता शिवराज सिंह ने कोर्ट को अवगत कराया कि नियमानुसार सभी जेलों में इस प्रकार की नियुक्ति अनिवार्य है ताकि कैदियों के कल्याण और सुधारात्मक प्रयास सुनिश्चित किए जा सकें।

क्षमता से अधिक कैदी, स्थिति चिंताजनक

प्रदेश की जेलों में क्षमता से कहीं अधिक कैदी रखे जा रहे हैं। लगभग 15,000 कैदियों की क्षमता वाले जेलों में वर्तमान में 20,000 से अधिक कैदी बंद हैं। जेलों की इस स्थिति को लेकर न्यायालय ने गंभीर चिंता जाहिर की और कहा कि कैदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास के लिए आवश्यक कदम उठाना शासन की जिम्मेदारी है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button