बिलासपुर ने फिर लहराया परचम.. इतने मकान निर्माण का बनाया रिकॉर्ड.. प्रदेश में अव्वल स्थान

बिलासपुर….कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संदीप अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में बिलासपुर जिले ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में कुल 58,639 आवास स्वीकृत किए गए, जिसमें से 30,192 (51%) आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा 28,447 आवास जल्द ही पूर्ण होने की प्रक्रिया में हैं।
राज्य के सभी 33 जिलों में 30,000 से अधिक गरीबों को आशियाना उपलब्ध कराने में बिलासपुर प्रथम स्थान पर है। वर्तमान में जनपद पंचायतों के अनुसार पूर्ण आवासों की स्थिति इस प्रकार है—
- जनपद पंचायत बिल्हा – 8,013
- जनपद पंचायत कोटा – 6,700
- जनपद पंचायत मस्तूरी – 9,436
- जनपद पंचायत तखतपुर – 6,043
बिंदा बाई का सपना हुआ साकार
जनपद बिल्हा की ग्राम पंचायत परसदा निवासी बिंदा बाई का नाम उन लाभार्थियों में शामिल है। जिन्हें योजना का लाभ मिला। पहले उनका घर झोपड़ीनुमा था, जहाँ बरसात में पानी भर जाता था और सांप-बिच्छू घर में घुस आते थे। पक्का घर बनाने का सपना अधूरा रह गया था।
वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत उनका आवास स्वीकृत हुआ। निर्माण कार्य के विभिन्न चरण पूरे होने के बाद जियो टैग कर उनके खाते में किस्तवार 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि समय पर भेजी गई। इस सहयोग से बिंदा बाई का पक्का घर बनकर तैयार हुआ, जिससे उनकी बरसों की समस्या दूर हुई।
घर पाकर बिंदा बाई ने खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रशासन का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का मौका मिला है।
जनकल्याण की दिशा में बिलासपुर की पहल
प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बिलासपुर जिले ने न केवल संख्या में बल्कि कार्यान्वयन की गुणवत्ता में भी उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्रशासन की सतत निगरानी और समय पर सहायता पहुँचाने की व्यवस्था ने ग्रामीण गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि “हमारा लक्ष्य है कि हर जरूरतमंद को उनका अपना घर मिल सके। जिले में यह उपलब्धि जनभागीदारी और प्रशासनिक समन्वय का परिणाम है।