LIVE UPDATE
Bilaspur

तारबाहर में खौफ की रात: तितली चौक पर युवक पर चाकू से हमला..सलाखों के पीछे गैंग को दबोचा

बिलासपुर…शहर का व्यस्त तितली चौक सोमवार देर रात अचानक दहशत से कांप उठा, जब तीन युवकों ने एक राहगीर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर घायल कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, लेकिन तारबाहर पुलिस की तेज़ कार्रवाई ने उन्हें भागने का ज्यादा वक्त नहीं दिया। महज 24 घंटे में पूरी गैंग सलाखों के पीछे है।

घटना 25 अगस्त की रात लगभग 2:20 बजे हुई। शहडोल निवासी समीर यादव रेस्टोरेंट के पास से गुजर रहा था। तभी तीन युवकों ने उसे घेरकर पैसों की मांग की। मना करने पर चाकू की नोक पर हमला कर समीर को लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोग दहशत में आ गए। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही थाना तारबाहर में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की सख्त धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित हुई और सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और दबिश के जरिए महज 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:

  • अमन सारथी (20), निवासी चिंगराजपारा
  • दो विधि से संघर्षरत बालक (नाम गोपनीय)

पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी नशे के आदि हैं और वारदात के समय भी नशे में धुत थे। पुलिस का कहना है कि नशे की गिरफ्त में आने वाले ऐसे युवाओं का सीधा अगला ठिकाना जेल होगा।

पुलिस कप्तान  बयान

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने दोहराया कि

“हम किसी भी हालत में अपराधियों को शहर में चैन से नहीं छोड़ेंगे। नशे की लत में अपराध की राह अपनाने वाले युवाओं का अगला ठिकाना सीधा जेल है। हमारी पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए हमेशा मुस्तैद है। कोई भी अपराधी हमारे शहर में लंबे समय तक सुरक्षित नहीं रह सकता।”


शहर में खौफ, पुलिस का सख्त संदेश
इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल है। तारबाहर पुलिस की फुर्ती से घटना का पर्दाफाश जरूर हुआ, लेकिन इसने रात में सड़क पर निकलने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने साफ कहा है कि नशे के सौदागर और अपराधी अब शहर में ज्यादा दिन चैन से नहीं रह पाएंगे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button