प्रदेश में अपराध नियंत्रण की मिसाल बनी बिलासपुर पुलिस.. 166 हथियार बरामद”..एसएसपी ने रजनेश ने कहा..भय मुक्त बनेगा बिलासपुर

बिलासपुर…बिलासपुर पुलिस ने शहर में बढ़ते हथियारबंद अपराधों पर नकेल कस दी है। चाकू और बटनदार हथियार लेकर वारदात की फिराक में घूमने वालों को पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि उनके हौसले पस्त हो गए। आँकड़े खुद गवाही दे रहे हैं कि बीते एक साल और छह महीने में दर्जनों मामलों में अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुँचाया गया है। पुलिस की सक्रियता से यह साफ संदेश गया है कि अब कानून को चुनौती देने वालों की जगह सिर्फ जेल होगी।
शहर में 2023 से लेकर 2025 तक लगातार आर्म्स एक्ट के प्रकरण दर्ज होते रहे, ।लेकिन पुलिस ने हर मामले में तत्परता दिखाई। 2023 में जहाँ 79 प्रकरण दर्ज हुए थे, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 117 और 2025 में अब तक 166 तक पहुँच चुकी है। केवल चाकू जैसे धारदार हथियारों की जब्ती के ही 105 से अधिक मामले सामने आए। यह आँकड़े साबित करते हैं कि पुलिस ने छोटे से छोटे अपराध पर भी कार्रवाई कर अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए।
रेंज स्तर पर भी बिलासपुर का प्रदर्शन प्रदेश में सबसे आगे है। 2023 में पूरे रेंज में 113 प्रकरण सामने आए थे, जो 2025 में बढ़कर 199 तक पहुँच गए। इसे अपराध का इजाफ़ा मानने के बजाय पुलिस की सक्रियता का परिणाम कहा जा सकता है, क्योंकि हर वारदात से पहले ही अपराधियों को दबोचा गया और हथियार बरामद किए गए। यही वजह है कि बिलासपुर आज प्रदेश में सबसे सख़्त और बेहतर कार्रवाई करने वाला जिला माना जा रहा है।
गिरफ्तारियों के आँकड़े भी पुलिस की तत्परता को रेखांकित करते हैं। वर्ष 2024 में दर्ज 71 प्रकरणों में 181 आरोपी चिन्हित हुए, जिनमें से 177 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया और केवल चार फरार रहे। वहीं 2025 की पहली छमाही में ही 32 प्रकरण दर्ज कर 63 आरोपियों में से 60 को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया गया। डेढ़ साल की अवधि में कुल 244 आरोपियों में से 237 गिरफ्तार हो चुके हैं। यह नतीजे पुलिस की सख़्त नीति और लगातार की जा रही धरपकड़ का प्रमाण हैं।
पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने स्पष्ट कहा – “बिलासपुर पुलिस का उद्देश्य शहर को भयमुक्त और सुरक्षित बनाना है। हथियार लेकर अपराध करने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी टीम चौबीसों घंटे निगरानी कर रही है और अपराधियों को हर हाल में जेल की हवा खिलाई जाएगी।” उन्होंने आगे कहा कि पुलिस की इस सख़्ती से न सिर्फ़ अपराधियों में खौफ़ पैदा हुआ है बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा भी मज़बूत हुआ है।