सूरजपुर ।रजत जयंती वर्ष 2025 एवं विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा स्टेडियम, बुढ़ापारा में श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए..। इस अवसर पर श्रम विभाग सूरजपुर की ओर से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कुल 2,179 श्रमिकों को 1 करोड़ 46 लाख 84 हजार 126 रुपये का लाभ दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वें स्थापना वर्ष पर आयोजित इस महासम्मेलन में सूरजपुर जिले से 10 श्रमिकों को ले जाया गया। इनमें से 5 हितग्राहियों को मंच पर सम्मानित भी किया गया।नोनी बाबू मेधावी योजना के अंतर्गत सेवक राम की पुत्री सोहन्ती तथा राम प्रताप की पुत्री ललीता को सीपेट, प्लास्टिक इंजीनियरिंग में पढ़ाई हेतु सहयोग दिया गया।

इसी तरह सियान योजना से श्यामलाल यादव और सुंदर सिंह को तथा निर्माण श्रमिक मृत्यु सहायता योजना के अंतर्गत जनक दास के उत्तराधिकारी को मंच पर सम्मानित किया गया।अन्य सभी हितग्राहियों को डीबीटी यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से योजना का लाभ दिया गया।

श्रम विभाग सूरजपुर के श्रम निरीक्षक फणिश्वर नाथ विश्वकर्मा और श्रम उपनिरीक्षक पंखासियुस एक्का को श्रमिकों को रायपुर कार्यक्रम स्थल तक ले जाने और फिर से जिले तक वापस लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कार्यक्रम में शामिल हितग्राहियों ने जिला प्रशासन और श्रम विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।