Nitin Nabin की नियुक्ति पर क्या बोले PM Modi

Nitin Nabin।भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फैसला लेते हुए अपने नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा कर दी है।
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इस फैसले के साथ ही संगठन में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का संकेत भी दिया गया है।
नितिन नबीन की नियुक्ति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि नितिन नबीन ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे एक युवा और ऊर्जावान नेता हैं, जिनके पास संगठनात्मक अनुभव का लाभ है।
विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है और उन्होंने जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत की है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में पार्टी को और मजबूत बनाएगा।
श्री नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है, साथ ही जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने पूरे…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 14, 2025
45 वर्षीय नितिन नबीन बिहार की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे कायस्थ समाज से आते हैं और मात्र 26 वर्ष की उम्र में विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे थे। वर्तमान में वे बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। नितिन नबीन दिग्गज नेता नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं और राजनीति में उनका सफर लगातार आगे बढ़ता रहा है।
वर्ष 2006 में उन्होंने पटना वेस्ट विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया था।
इसके बाद वे लगातार चुनाव जीतते रहे। 2008 में परिसीमन के बाद पटना वेस्ट का नाम बदलकर बांकीपुर विधानसभा सीट हो गया, जहां से वे अब तक विधायक चुने जाते रहे हैं।
2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51,936 वोटों के बड़े अंतर से हराया था, जबकि 2020 में उन्होंने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को पराजित किया था।




