जनपद पंचायत फरसगांव और माकड़ी में 20 फरवरी को Voting,मतदान दल मतदान केन्द्रों के लिए हुए रवाना

कोण्डागांव/ त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2025 अंतर्गत द्वितीय चरण में जिले के जनपद पंचायत फरसगांव और माकड़ी में मतदान 20 फरवरी को होगा। आज जनपद पंचायत मुख्यालयों में मतदान सामग्री का वितरण किया गया और मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी चित्रकांत चार्ली ठाकुर और एसडीएम श्री अश्वन पुसाम ने फरसगांव में मतदान दलों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसी प्रकार माकड़ी में एसडीएम श्री अजय उरांव ने मतदान दलों के वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
उल्लेखनीय है कि जनपद पंचायत फरसगांव में 158 मतदान केंद्र हैं और मतदाता की संख्या 68287 है। 20 फरवरी को होने वाले मतदान में 68 सरपंच, 372 पंच, 20 जनपद सदस्य और 02 जिला पंचायत सदस्य का निर्वाचन होना हैं। फरसगांव के कुल 73 सरपंच में से 05 निर्विरोध और कुल 878 पंच में से 506 निर्विरोध चुने गए हैं। इसी प्रकार जनपद पंचायत माकड़ी में 154 मतदान केंद्र हैं और कुल मतदाताओं की संख्या 76160 है। इस दौरान 67 सरपंच, 415 पंच, 18 जनपद सदस्य और 02 जिला पंचायत सदस्य का निर्वाचन होना हैं। माकड़ी के कुल 889 पंच में से 474 पंच निर्विरोध चुने गए हैं।
रायगढ़/ त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन-2025 के तहत दूसरे चरण के लिए गुरुवार 20 फरवरी को मतदान होगा। जिसमें खरसिया और धरमजयगढ़ ब्लॉक के पंचायतों में मतदान होगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में 19 फरवरी को ब्लॉक मुख्यालय से सुबह मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण कर रवाना किया गया।
मतदान 20 फरवरी को सुबह 07 बजे से दोपहर 03 बजे तक होगा।
मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतदान केंद्र में ही मतों की गणना की जाएगी। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन अंतर्गत मतदाता 4 पदों के लिए मतदान करेंगे। इसमें वार्ड के पंच, ग्राम पंचायत के सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए मतदान होगा। इसी क्रम में तृतीय और अंतिम चरण के लिए 23 फरवरी को लैलूंगा, तमनार और घरघोड़ा ब्लॉक में मतदान होगा।
निर्वाचन शाखा से प्राप्त जानकारी अनुसार खरसिया एवं धरमजगढ़ के कुल 199 ग्राम पंचायतों के लिए 469 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। जहां कुल 2 लाख 49 हजार 253 मतदाता है, जिसमें 01 लाख 21 हजार 794 पुरूष मतदाता, 01 लाख 27 हजार 455 महिला मतदाता एवं 4 तृतीय लिंग शामिल है। जिसमें खरसिया ब्लॉक के 81 ग्राम पंचायतों के लिए 183 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां कुल 1 लाख 2 हजार 558 मतदाता है, जिसमें 50 हजार 368 पुरुष मतदाता एवं 52 हजार 189 महिला तथा 01 तृतीय लिंग मतदाता शामिल है। इसी प्रकार धरमजयगढ़ विकासखंड के 118 ग्राम पंचायतों के लिए 286 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां कुल 1 लाख 46 हजार 695 मतदाता है, जिसमें 71 हजार 426 पुरुष मतदाता एवं 75 हजार 266 महिला मतदाता तथा 3 तृतीय लिंग मतदाता शामिल है।
बैलेट पेपर से होगा चुनाव, अलग-अलग रंगों के होंगे मतपत्र
राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन मतपत्रों से होंगे। इसके लिए पदों के अनुसार मतपत्र का रंग निर्धारित है। पंच का मतपत्र सफेद, सरपंच का नीला, जनपद सदस्य का पीला और जिला पंचायत सदस्य का मतपत्र गुलाबी रंग का होगा।