LIVE UPDATE
BilaspurChhattisgarh

नशे में सड़क पर सो रहा था ग्रामीण…पहुँच गया हाथी… फिर क्या हुआ

रायगढ़…छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक शराब के नशे में सड़क पर सो रहे ग्रामीण पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है।

हाथी के हमले से मचा हड़कंप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम आमापाली निवासी 50 वर्षीय आनंदराम उरांव ने रविवार की रात शराब का सेवन किया और नशे की हालत में अपने घर से करीब 50 मीटर दूर सड़क पर सो गया। देर रात जंगल से भटककर आए एक जंगली हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी नींद टूटी और वह किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा। हालांकि इस दौरान उसके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं

 सतर्कता से बची जान

ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने पर हाथी रात में वापस जंगल की ओर लौट गया। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल आनंदराम को लैलूंगा अस्पताल ले जाया गया, और वहां से रायगढ़ रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत अभी स्थिर है, लेकिन लगातार निगरानी में है।

वन विभाग से तत्काल सहायता

इस संबंध में लैलूंगा के एसडीओ एम.एल. सिदार ने पुष्टि की कि आनंदराम के साथ हाथी द्वारा हमला किया गया है। उन्होंने बताया कि घायल ग्रामीण को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है, और वन विभाग इस घटना की पूरी जांच कर रहा है।

हाथियों की सक्रियता, चिंता का विषय

वन विभाग के अनुसार, यह हाथी शनिवार को जशपुर की ओर से लैलूंगा क्षेत्र में आया था और इसकी निरंतर निगरानी की जा रही थी। विभाग द्वारा आसपास के गांवों में हाथी की मौजूदगी को लेकर मुनादी भी कराई गई थी, बावजूद इसके यह हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, बगुडेगा क्षेत्र में करीब 15-16 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

वन अमले की सतर्कता बढ़ाई गई

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों की गतिविधियों से सतर्क रहें, अंधेरे में बाहर न निकलें और किसी भी अप्रत्याशित घटना की तुरंत सूचना वन विभाग को दें। विभाग द्वारा गांवों में रात्रि गश्ती और निगरानी बढ़ा दी गई है

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close