LIVE UPDATE
Bilaspur

तखतपुर:कलेक्टर की मैदानी अधिकारियों से चर्चा..14 अगस्त अंतिम तारीख 

बिलासपुर…कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तखतपुर विकासखंड के सकरी स्थित वन चेतना केंद्र में मैदानी स्तर के अधिकारियों की बैठक लेकर किसानों से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में आरएईओ, पटवारी, सहकारी समितियों के प्रबंधक और ऑपरेटर शामिल हुए।

बैठक में एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसानों के शेष पंजीयन कार्य को अगले 10 दिनों में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। फिलहाल तखतपुर क्षेत्र में 66% किसानों का पंजीयन हो चुका है। कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा कराने की तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर अब 14 अगस्त कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि बेहद कम प्रीमियम में फसल बीमा से किसान बड़ी आपदा में भी राहत पा सकते हैं। साथ ही बाजार मांग के अनुरूप फसल उत्पादन पर जोर दिया गया, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

बैठक में उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर, एसडीएम शिवकुमार कंवर और खाद्य अधिकारी अमृत कुजूर भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने पंचायतवार एग्रीस्टेक पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए बताया कि इस वर्ष केवल एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीकृत किसानों से ही धान की खरीदी होगी।

किसानों को स्थानीय लोक सेवा केंद्र या च्वॉइस सेंटर में ज़मीन का रिकॉर्ड, आधार और मोबाइल नंबर के साथ पंजीयन कराने की अपील की गई। साथ ही फसल बीमा की तिथि बढ़ने से इस अवसर का लाभ उठाने को कहा गया।

कलेक्टर ने छोटे किसानों को फसल विविधिकरण अपनाने की सलाह दी, जिससे सिर्फ धान पर निर्भरता कम हो और दलहन, तिलहन व नकदी फसलों से आमदनी बढ़े। उन्होंने जल संरक्षण की इंजेक्शन वेल तकनीक को अपनाने, नैनो यूरिया और डीएपी के उपयोग की जानकारी देने और खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close