india

मीठे आम का हो सकता है कड़वा अंजाम: जानिए केमिकल से पके आम की पहचान और इससे होने वाले खतरों के बारे में

बाजार में आमों की खेप आनी शुरू हो गई है। साथ ही मिलावट का खेल भी शुरू हो गया है। केमिकल से पकाए गए आमों को खाने के बाद आपको कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में जरूरी है आप इनकी पहचान करना सीख जाएं।

गर्मियों का नाम आते ही सबसे पहले आम का ख्याल आता है। हर कोई इन दिनों आम का इंतजार करता है—कोई इसका शेक बनाकर पीना पसंद करता है, तो कोई आइसक्रीम में डालकर इसका स्वाद लेता है। लेकिन इसी स्वाद के पीछे एक खतरनाक सच्चाई छुपी होती है, जो आपके स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है।

हाल ही में गोवा एफडीए द्वारा 180 क्रेट आम और 450 किलो केले जब्त किए गए, जिन पर केमिकल से पकाने का संदेह था। ये घटनाएं इस ओर इशारा करती हैं कि बाजार में केमिकल से पके फल धड़ल्ले से बिक रहे हैं।

आम को जल्दी पकाने के लिए अक्सर केल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है, जो न केवल आम के स्वाद को बिगाड़ता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी घातक होता है। केमिकल से पके आमों के सेवन से पेट दर्द, उल्टी, सिरदर्द और यहां तक कि आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी हो जाता है कि कैसे पहचाने कि आम प्राकृतिक तरीके से पका है या केमिकल की मदद से।

केमिकल से पके आमों की पहचान करना मुश्किल नहीं है। सबसे पहले इसके रंग पर गौर करें। अगर आम का रंग बेहद चमकीला, एक जैसा और नारंगी-पीला दिखाई दे, तो यह संदेहास्पद हो सकता है।

वहीं प्राकृतिक आमों में रंग हल्का होता है और कई बार एक तरफ थोड़ा कच्चापन भी दिखता है। खुशबू से भी फर्क समझा जा सकता है—जहां नैचुरल आम में एक मीठी और ताजगी भरी खुशबू होती है, वहीं केमिकल से पके आमों में एक अजीब और कृत्रिम गंध आती है।

एक और घरेलू तरीका है जिसे आप आजमा सकते हैं। पानी में थोड़ा बेकिंग सोडा मिलाएं और उसमें आम को 15-20 मिनट के लिए डाल दें। अगर इसके बाद आम का रंग बदल जाए, तो समझिए उसमें कुछ गड़बड़ है। वहीं माचिस की तीली से भी टेस्ट किया जा सकता है—अगर तीली की लौ आम के डिब्बे के पास जाकर बुझती नहीं है या कोई प्रतिक्रिया होती है, तो वह रसायनों से पका हो सकता है।

कुछ लोग आम को पानी की बाल्टी में डालकर भी जांचते हैं।

अगर आम नीचे डूब जाए, तो यह नैचुरल रूप से पका होता है। वहीं तैरते आम अक्सर केमिकल से पकाए गए होते हैं। इसके अलावा छिलके पर ज्यादा चमक, स्क्रैच या धब्बे भी इस ओर इशारा करते हैं कि आम के साथ कुछ छेड़छाड़ की गई है।

Back to top button