LIVE UPDATE
india

चैतन्य बघेल की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, सरकार की चुनौती पर हफ्तेभर में सुनवाई

शराब घोटाले में जमानत की परीक्षा, चैतन्य बघेल मामला फिर सुप्रीम कोर्ट में

दिल्ली…कथित शराब घोटाले से जुड़े मामलों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल को मिली जमानत को चुनौती देने वाली छत्तीसगढ़ सरकार की अपील पर सुप्रीम कोर्ट ने एक सप्ताह बाद सुनवाई करने का फैसला किया है। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर एक साथ विचार किया जाएगा।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष राज्य सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने दलील दी कि जमानत मिलने के बाद एक अहम गवाह सामने नहीं आ रहा है, जिससे जांच प्रभावित हो रही है। अदालत को यह भी बताया गया कि प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन मामले में चैतन्य बघेल की जमानत को अलग से चुनौती दी है।

राज्य सरकार का आरोप है कि चैतन्य बघेल कथित शराब घोटाले के प्रमुख आरोपियों और साजिशकर्ताओं में शामिल हैं। वहीं बचाव पक्ष ने कहा कि उच्च न्यायालय ने दो जनवरी को सभी तथ्यों पर विचार कर जमानत दी थी और जांच पहले से ही दो वर्षों से जारी थी।

प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, यह कथित घोटाला 2019 से 2022 के बीच हुआ, जिससे राज्य के खजाने को भारी नुकसान पहुंचा। एजेंसी का दावा है कि चैतन्य बघेल ने इस दौरान लगभग एक हजार करोड़ रुपये के लेन-देन में प्रत्यक्ष भूमिका निभाई।

इसी मामले से जुड़े एक अन्य प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री की तत्कालीन उप सचिव सौम्या चौरसिया को जमानत के लिए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय जाने की सलाह दी। अदालत ने कहा कि उच्च न्यायालय उनकी याचिका पर प्राथमिकता से सुनवाई कर सकता है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close