सकर्रा हाई स्कूल में स्टंटबाज़ी: नाबालिग ट्रैक्टर लेकर कैंपस में घुसा, खड़ी कार को मारी टक्कर
प्रशासनिक निगरानी पर सवाल: स्कूल कैंपस में नाबालिग ट्रैक्टर लेकर कैसे पहुंचा?

बिलासपुर…सकर्रा हाई स्कूल में शनिवार को आयोजित 11वीं और 12वीं कक्षा के फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई, जब एक नाबालिग छात्र अवैध रूप से ट्रैक्टर लेकर स्कूल कैंपस में प्रवेश कर गया। स्कूल ग्राउंड के भीतर ही ट्रैक्टर से स्टंटबाज़ी की गई, इसी दौरान ट्रैक्टर वहां खड़ी एक निजी कार से टकरा गया।
घटना में सफेद मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक CG 10 Z 8622 क्षतिग्रस्त हुई है। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई छात्र-छात्रा घायल नहीं हुआ, जबकि परिसर में बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय स्कूल के प्राचार्य और अन्य शिक्षक परिसर में ही मौजूद थे। इसके बावजूद नाबालिग द्वारा ट्रैक्टर को स्कूल कैंपस में लाने और ग्राउंड में स्टंट करने पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब जिला प्रशासन, पुलिस और यातायात विभाग द्वारा स्टंटबाज़ी पर लगातार कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद अब शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आने लगी हैं।
स्कूल परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की गतिविधि से बड़ा हादसा हो सकता था। मामले में यह सवाल उठ रहा है कि नाबालिग को ट्रैक्टर लेकर स्कूल परिसर में प्रवेश की अनुमति कैसे मिली और निगरानी व्यवस्था कहां विफल रही।
फिलहाल घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है और जिम्मेदारों की भूमिका को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।





