LIVE UPDATE
Chhattisgarh

फर्जी मार्कशीट से मिली पोस्टिंग, सत्यापन में खुला राज — दो गिरफ्तार, कोरबा कनेक्शन फरार

डाकपाल की पोस्टिंग, सत्यापन की एक मुहर ने तोड़ा पूरा गिरोह

रायगढ…सरकारी नौकरी की दौड़ में शॉर्टकट लेने की कोशिश आखिरकार सलाखों तक पहुंच गई। भारतीय डाक विभाग की ग्रामीण डाकसेवक भर्ती में फर्जी 10वीं की अंकसूची अपलोड कर चयन पाने वाले दो अभ्यर्थियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब दस्तावेज सत्यापन के दौरान अंकसूचियों की सच्चाई जांची गई।

जुलाई 2023 में जारी भर्ती प्रक्रिया के तहत कक्षा 10वीं के अंकों के आधार पर चयन हुआ था। सक्ती जिले के नरेन्द्र कुमार और सोनम साहू का चयन रायगढ़ डाक संभाग के बर्रा और सुलेसा शाखा में डाकपाल पद के लिए किया गया। नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ी, लेकिन अंतिम सत्यापन ने पूरी कहानी पलट दी।

प्रस्तुत अंकसूचियों को संबंधित बोर्ड से मिलान के लिए भेजा गया, जहां Tamil Nadu State Board of School Examinations ने स्पष्ट किया कि ये दस्तावेज बोर्ड द्वारा जारी ही नहीं किए गए। रिपोर्ट मिलते ही फर्जीवाड़े की पुष्टि हो गई और अधीक्षक डाकघर रायगढ़ की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कोरबा निवासी विनोद कुमार राठौर ने नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की मांग की थी। नरेन्द्र कुमार ने उसे साढ़े तीन लाख रुपये दिए, जबकि सोनम साहू ने चयन के बाद भुगतान करने की सहमति जताई थी। आरोप है कि राठौर ने ही दोनों को नकली मार्कशीट उपलब्ध कराई। दोनों ने जानते हुए उसी दस्तावेज के आधार पर ऑनलाइन आवेदन किया। सत्यापन में सच्चाई सामने आने के बाद नियुक्ति निरस्त कर दी गई।

मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने फर्जी और मूल दोनों शैक्षणिक दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। कथित मास्टरमाइंड विनोद कुमार राठौर फरार है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी और नियमबद्ध है, और फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी पाने की कोशिश न केवल अपराध है बल्कि योग्य अभ्यर्थियों के अधिकारों पर भी चोट है। युवाओं से अपील की गई है कि नौकरी के नाम पर किसी भी दलाल या बिचौलिए के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close