मंत्री की सीधी निगरानी: डौरा–कोचली पहुंचे रामविचार , कहा—किसानों को सही मूल्य, सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
सरकार हर पंजीकृत किसान का धान खरीदेगी

बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी)…रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश के कृषि विकास मंत्री रामविचार नेताम ने धान खरीदी व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिए धान खरीदी केंद्र डौरा–कोचली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी प्रक्रिया से जुड़ी हर कड़ी का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने धान तौल व्यवस्था, तौल मशीनों की कार्यप्रणाली, मापक उपकरणों की सटीकता, बारदाना की उपलब्धता और परिवहन व्यवस्था की जांच की। उन्होंने केंद्र में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर समर्थन मूल्य, तुलाई की गति और खरीदी में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
मंत्री रामविचार नेताम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार किसानों के धान की समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित खरीदी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी धान खरीदी केंद्रों में खरीदी की लिमिट बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी पंजीकृत किसान को परेशानी न हो।
उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार हर पंजीकृत किसान का धान खरीदेगी, किसी को भी वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने कहा कि किसानों की उपज का सही मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए प्रशासन को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।





