LIVE UPDATE
Bilaspur

रात का विवाद, दोपहर का खुलासा: पानी टंकी से बरामद हुई युवक की लाश

गांव में खौफ: टंकी पर शुरू हुआ विवाद, हत्या में खत्म हुआ मामला

बिलासपुर…मामूली विवाद कब जानलेवा बन जाए, सीपत के ग्राम सेलर में इसकी खतरनाक तस्वीर सामने आई। पानी की टंकी की सीढ़ियों पर एक युवक की लाश मिली और कुछ ही घंटों में पूरा मामला हत्या में बदल गया।

सीढ़ियों पर लटकते पैर, गांव में हड़कंप

रविवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों की नजर पानी की टंकी की सीढ़ियों पर पड़ी। एक युवक के पैर बाहर की ओर लटकते दिखे। शक हुआ, लोग पास पहुंचे—सीढ़ियों में शव पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पहचान हुई—राजू धुरी, उम्र 32 साल, निवासी ग्राम सेलर।

टंकी बना ठिकाना, वहीं से खुला हत्या का सिरा

जांच में सामने आया कि उसी टंकी पर गांव का अनिल केवट रहता था। परिवार से अलग, वहीं खाना बनाता, वहीं सोता। पुलिस ने शक के आधार पर उसे उठाया—पूछताछ हुई और कहानी सामने आ गई।

यहां सोऊंगा’—यही जिद बनी मौत की वजह

शनिवार रात करीब 9 बजे राजू टंकी पर पहुंचा। उसने वहीं सोने की जिद की। बात बढ़ी, बहस हुई और गुस्सा हिंसा में बदल गया। अनिल ने बांस की लाठी उठाई और सीधे सिर पर वार कर दिया। एक वार… और राजू वहीं ढेर हो गया।

रात में हत्या, दोपहर में खुलासा

हत्या के बाद आरोपी ने शव को वहीं छोड़ दिया। सुबह तक किसी को भनक नहीं लगी। दोपहर में जब लोगों की नजर पड़ी, तब मामला खुला और गांव में सनसनी फैल गई।

आरोपी जेल में, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी अनिल केवट को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच जारी है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close