संगठन में आधी हिस्सेदारी और युवा चेहरों को प्राथमिकता, कांग्रेस ने तय किया नया फार्मूला
कमेटी गठन में 50% भागीदारी का फॉर्मूला, कांग्रेस ने संगठन में संतुलन साधने की कवायद तेज की

रामानुजगंज..(पृथ्वी लाल केशरी )..संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के इरादे से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामानुजगंज ने कार्यकारिणी और कार्यकर्ताओं की अहम बैठक आयोजित की। मां तारा गोपाल हाइट्स में हुई इस बैठक ने साफ संकेत दिया—अब कांग्रेस बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत करने के लिए आक्रामक रणनीति पर काम कर रही है।
बूथ से वार्ड तक नए सिरे से कवायद
बैठक में बूथ, पंचायत और वार्ड कमेटियों के गठन पर विस्तार से मंथन हुआ। संगठन ने स्पष्ट किया कि हर स्तर पर सक्रिय और संतुलित टीम तैयार की जाएगी, ताकि चुनावी समय में नेटवर्क मजबूत और प्रभावी बने।
50 प्रतिशत भागीदारी का फॉर्मूला चर्चा का सबसे अहम बिंदु रहा—संगठन में सामाजिक संतुलन। अनुसूचित जाति, जनजाति, महिला, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग को 50 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा गया। इसके साथ ही 50 वर्ष से कम उम्र के कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिखा, जो संगठन में युवा ऊर्जा लाने की रणनीति को दर्शाता है।
हर बूथ पर BLA-2 तैनात करने की तैयारी
बैठक में हर बूथ पर BLA-2 नियुक्त करने का निर्णय भी सामने आया। साफ किया गया कि जिन पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का स्थानीय निवास संबंधित क्षेत्र में है, उन्हें प्राथमिकता मिलेगी। यह कदम बूथ स्तर पर पकड़ और निगरानी मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
वरिष्ठ नेतृत्व की मौजूदगी, कार्यकर्ताओं में संदेश
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. दिनेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता मधु गुप्ता ने की। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक कार्यकारिणी सदस्य और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी दिखी।




