LIVE UPDATE
BilaspurChhattisgarh

स्वच्छता का महाकुंभ आने वाला है – 25 सितम्बर को जिले में 1 साथ होगा विशाल श्रमदान!

बिलासपुर…इस बार सफाई सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का उत्सव बनने जा रही है। जिले में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत “स्वच्छता ही सेवा” अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए अभियान को ऐतिहासिक रूप देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलेवासियों से 25 सितम्बर को एक साथ सफाई श्रमदान में शामिल होकर शहर की तस्वीर बदलने की अपील की गई है।

स्वच्छोत्सव थीम पर नया रंग

इस बार अभियान “स्वच्छोत्सव” थीम के तहत आयोजित होगा, जिसमें स्वच्छता को एक पर्व के रूप में मनाने की तैयारी की गई है। 17 सितम्बर को जिला, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। आगामी पखवाड़े में विभिन्न गतिविधियों के जरिए स्वच्छता का संदेश हर घर, हर सड़क, हर संस्थान तक पहुँचाया जाएगा।

दिनवार गतिविधियों का भव्य कार्यक्रम

बैठक में तय किया गया कि 18 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक सफाई मित्र सुरक्षा शिविर चलेंगे। 19 से 30 सितम्बर तक श्रमदान से सफाई और प्रचार अभियान चलेगा। 20 से 25 सितम्बर तक लक्षित इकाइयों की विशेष सफाई कराई जाएगी। 21 से 22 सितम्बर तक दुर्गा पूजा से पहले विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 23 सितम्बर को जीरो वेस्ट इवेंट पद्धति पर विशेष आयोजन होगा। 24 सितम्बर को जन जागरूकता अभियान चलाकर सफाई की आवश्यकता बताई जाएगी। 25 सितम्बर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ – स्वच्छता श्रमदान राष्ट्रीय अभियान” के तहत पूरे जिले के नागरिक एक साथ सफाई कार्य में भाग लेंगे। 26 से 28 सितम्बर तक शालाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता से संबंधित प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 30 सितम्बर को दुर्गा पूजा के दौरान स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर अभियान का समापन होगा और स्वच्छ भारत दिवस मनाया जाएगा।

 सफाई को बनाइए अपने जीवन का हिस्सा

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर स्तर पर जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सफाई सिर्फ सरकारी काम नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी है। हर नागरिक, हर संस्था और हर संगठन मिलकर स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाए। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें और इसे शहर के इतिहास में एक नई मिसाल बनाएं।

जन आंदोलन की तैयारी

अभियान को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्थानीय संस्थानों, विद्यालयों, धार्मिक स्थलों और स्वयंसेवी संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। सफाई को लेकर प्रतियोगिता, जागरूकता कार्यक्रम और श्रमदान जैसे प्रयासों से जिले में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का लक्ष्य रखा गया है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close