IND vs ENG- हार्दिक पांड्या केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ने से बस 23 रन दूर, सेमीफाइनल में बनाएंगे नया कीर्तिमान!
T20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच जबरदस्त भिड़ंत होने जा रही है। इस हाई-प्रेशर मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के पास एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। पांड्या T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में छलांग लगाने की तैयारी में है।

IND vs ENG/मुंबई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में जब भारत और इंग्लैंड की टीमें मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने होंगी, तो सबकी निगाहें स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पर टिकी होंगी। इस हाई-वोल्टेज और दबाव वाले मुकाबले में पांड्या के पास एक ऐसी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका है, जो उन्हें भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों की एक विशेष फेहरिस्त में ऊपर ले जाएगी।
हार्दिक पांड्या अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (T20I) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में एक बड़ी छलांग लगाने के बेहद करीब हैं।इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या के निशाने पर केएल राहुल का रिकॉर्ड है। पांड्या को राहुल को पीछे छोड़ने के लिए केवल 23 रनों की दरकार है। वर्तमान में पांड्या 136 टी20 मैचों की 107 पारियों में 2243 रन बनाकर भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर काबिज हैं। वहीं, केएल राहुल 2265 रनों के साथ चौथे पायदान पर हैं।
IND vs ENG/जैसे ही हार्दिक के बल्ले से ये 23 रन निकलेंगे, वे आधिकारिक रूप से भारत के चौथे सबसे सफल टी20 बल्लेबाज बन जाएंगे। इस सूची में रोहित शर्मा (4231 रन) शीर्ष पर हैं, उनके बाद विराट कोहली (4188 रन) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (3261 रन) का नाम आता है।
हार्दिक पांड्या की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वे विशुद्ध बल्लेबाज नहीं बल्कि एक धाकड़ ऑलराउंडर हैं। पांड्या भारत के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 2000 से अधिक रन बनाने के साथ-साथ 100 से ज्यादा विकेट (111 विकेट) भी झटके हैं।
IND vs ENG/उनकी नजरें अब एक ऐसे विश्व रिकॉर्ड पर हैं जिसे आज तक क्रिकेट जगत का कोई भी खिलाड़ी नहीं छू सका है। आने वाले समय में पांड्या 2500 रन और 150 विकेट के जादुई आंकड़े को छूने वाले दुनिया के पहले ऑलराउंडर बन सकते हैं। फिलहाल वे 2500 रनों के आंकड़े से महज 257 रन दूर हैं।
वानखेड़े स्टेडियम हार्दिक पांड्या के लिए ‘होम ग्राउंड’ जैसा रहा है, जहां की पिच और बाउंस को वे बखूबी समझते हैं। सेमीफाइनल जैसे बड़े मंच पर पांड्या अक्सर भारत के लिए ‘ट्रंप कार्ड’ साबित हुए हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट निकालने की क्षमता टीम इंडिया को संतुलन प्रदान करती है। भारतीय क्रिकेट प्रेमी उम्मीद कर रहे हैं कि सेमीफाइनल की इस जंग में पांड्या न केवल केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ेंगे, बल्कि अपनी विस्फोटक पारी से टीम इंडिया को फाइनल का टिकट भी दिलाएंगे।





