हैवानियत: ससुराल वालों ने युवक को पेड़ से बांधकर रातभर पीटा, वीडियो वायरल”

गजपति (ओडिशा).. जिले में घरेलू विवाद ने हैवानियत का रूप ले लिया। एक व्यक्ति को उसके ससुराल वालों ने पकड़कर पेड़ से बांध दिया और रातभर बेरहमी से पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित की पहचान जलंता बलियार सिंह के रूप में हुई है। जलंता का अपनी पत्नी सुभद्रा मालबिसोये से विवाद चल रहा था। पंचायत ने पहले ही सुभद्रा को कुछ समय मायके में रहने का फैसला सुनाया था। गुरुवार रात जलंता किराने का सामान लेने अपनी ससुराल वाले गांव पहुंचा, जहां उसका सामना ससुराल पक्ष से हो गया। कहासुनी बढ़ने पर ससुराल वालों ने जलंता को पकड़कर पेड़ से बांधा और जमकर पीटा। उसे रातभर पेड़ से बंधा रखा गया।
अगली सुबह स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जलंता को छुड़ाया। फिलहाल पीड़ित का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इसी बीच, नुआपाड़ा जिले में एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 25 वर्षीय महिला की अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने असम निवासी मिनाजुन इस्लाम को तमिलनाडु के तिरुप्पुर से गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने 9 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर नुआपाड़ा लाया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।