बच्चों के लिए कपड़ा खरीदने निकले थे… रास्ते में मौत ने रोक दी सांस—बिलासपुर में गूढ़ मौत की गुत्थी
घर से निकले, कुछ घंटे बाद शराब दुकान के पास मिली लाश

बिलासपुर…सकरी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने शराब दुकान के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान प्रहलाद साहनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह आज दोपहर लगभग 11 बजे हिर्री माइंस, इन्द्रपुरी से बिलासपुर बच्चों के लिए कपड़े खरीदने घर से निकले थे। इसके कुछ घंटों बाद उनका शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
प्रहलाद के शरीर पर किसी भी तरह की गहरी चोट नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार कान और आंख के पास हल्की, सामान्य प्रकार की चोटें दिखाई दे रही हैं, जो किसी गंभीर हमले का संकेत नहीं देतीं। फिर भी मौत कैसे हुई—यह अभी स्पष्ट नहीं है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके से साक्ष्य जुटा रही है। सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएँ हैं, जबकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।





