LIVE UPDATE
Bilaspur

बैगा-बिरहोर बसाहट पहुंचे राज्यपाल, परंपरा सहेजने का दिया संदेश

बैगा-बिरहोर गांव में राज्यपाल, आर्चरी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन

बिलासपुर।l… छत्तीसगढ़ के राज्यपाल Ramen Deka ने गुरुवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान कोटा विकासखंड के शिवतराई पहुंचकर बैगा और बिरहोर जनजाति के लोगों से सीधी बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों की जीवनशैली, पारंपरिक संस्कृति और सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस दौरान राज्यपाल ने आर्चरी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की और उन्हें लोकभवन रायपुर आने का निमंत्रण भी दिया।

स्वसहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी

राज्यपाल ने करका की लखपति दीदी प्रमिला बैगा से चर्चा की। उन्होंने बताया कि वे गोंदा स्वसहायता समूह से जुड़ी हैं। समूह की सदस्य रश्मि मरावी ने जानकारी दी कि समूह सिलाई-कढ़ाई, अचार-पापड़ निर्माण और अन्य आजीविका गतिविधियों से जुड़ा है। बैगा महिलाओं द्वारा बांस से विभिन्न उपयोगी उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं।

योजनाओं से मिल रहे लाभ की पड़ताल

राज्यपाल ने ग्रामीणों से आयुष्मान भारत, महतारी वन्दन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना,पीएम जनमन योजना, सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। औरापानी की मंगली ने बताया कि उन्हें आवास योजना का लाभ मिला है। वहीं शिवतराई की ममता खुसरो ने बताया कि आयुष्मान कार्ड से उनका अल्सर का ऑपरेशन हुआ और उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है।

संस्कृति और परंपरा बचाने का संदेश

राज्यपाल ने कहा कि बैगा और बिरहोर समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं उनकी पहचान हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि आधुनिक जीवन में आगे बढ़ते हुए भी अपनी परंपराओं को विलुप्त न होने दें। उन्होंने बांस उत्पाद और पारंपरिक गहने बनाने का प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षक उपलब्ध कराने की बात भी कही और बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया।

पीएम जनमन योजना से बसाहटों में विकास

कलेक्टर संजय अगरवाल ने बताया कि जिले में पीवीटीजी समुदाय के करीब 6400 लोग 54 बसाहटों में रहते हैं। पीएम जनमन योजना के तहत लगभग 900 आवास स्वीकृत किए गए हैं और 21 सड़कों का निर्माण हुआ है। टाटीधार में बहुद्देशीय केंद्र भी बनाया गया है। पीवीटीजी बसाहटों में तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए स्वास्थ्य जांच और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मेडिकल कैंप और स्वास्थ्य सुविधाओं के निर्देश

राज्यपाल ने निर्देश दिए कि पीएम जनमन योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे और बसाहटों में नियमित मेडिकल कैंप लगाए जाएं। उन्होंने टीबी मरीजों के पोषण के लिए उन्हें गोद लेने की पहल को भी प्रोत्साहित किया। साथ ही कहा कि मोतियाबिंद के मरीज एम्स आ सकते हैं, वहां उनके ठहरने की व्यवस्था की जाएगी।

पारंपरिक स्वागत और होली की शुभकामनाएं

कार्यक्रम के दौरान बैगा समाज के प्रमुख लुमन सिंह बैगा ने पलाश के फूलों की माला पहनाकर राज्यपाल का स्वागत किया, जबकि बैगा महिलाओं ने खुमरी पहनाकर पारंपरिक सम्मान दिया। राज्यपाल ने ग्रामीणों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उपहार भी भेंट किए।

इस अवसर पर एसएसपी रजनेश सिंह, सीसीएफ मनोज पांडे, एडीएम शिव कुमार बनर्जी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close