LIVE UPDATE
Bilaspur

शांति दीजिए, देश का भविष्य लिख रहा है — पुलिस कप्तान का समाज से आग्रह..परीक्षा तनाव नहीं, आत्मविश्वास की कसौटी

बच्चों पर दबाव नहीं, भरोसा चाहिए — पुलिस कप्तान रजनेश सिंह

बिलासपुर..बोर्ड परीक्षाओं की घोषणा के साथ ही विद्यार्थियों में बढ़ते दबाव और माहौल को देखते हुए पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने बच्चों और अभिभावकों के नाम एक भावनात्मक और प्रेरणादायक वीडियो संदेश जारी किया है। यह संदेश न केवल परीक्षा की तैयारी को लेकर है, बल्कि बच्चों के मानसिक संतुलन, सामाजिक सहयोग और अभिभावकीय संवेदनशीलता पर भी गहराई से प्रकाश डालता है।

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा, विशेषकर बोर्ड परीक्षा, हर विद्यार्थी के जीवन की एक महत्वपूर्ण कसौटी होती है। यही वह समय है, जब मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का सही मूल्यांकन होता है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे पूरे मन से अंतिम तैयारी करें, क्योंकि परिश्रम का परिणाम हमेशा सुखद होता है।

व्यापारियों और सामाजिक लोगों से अपील

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने व्यापारियों, आयोजकों और सामाजिक लोगों से भी स्पष्ट अपील और निर्देश दिए कि बच्चों की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए लाउडस्पीकर, डीजे और शोर पैदा करने वाले उपकरणों का प्रयोग सीमित समय तक ही करें। उन्होंने कहा कि कानून में जो निर्देश तय हैं, उनका ईमानदारी से पालन किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई में कोई व्यवधान न आए।

“परीक्षा जीवन की दिशा तय करती है”

अपने संदेश में कप्तान रजनेश सिंह ने कहा कि परीक्षा केवल अंक पाने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन की दिशा तय करने वाली प्रक्रिया है। हमें इस कसौटी पर खरा उतरकर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि देश के सपनों को भी साकार करना है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी बच्चे को तनाव लेने की आवश्यकता नहीं है। बिना तनाव, संतुलित मन और सही रणनीति से की गई तैयारी ही सफलता की कुंजी है।

माता-पिता से भावुक निवेदन

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने अभिभावकों से खास अपील करते हुए कहा कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें। बच्चों पर अपने अधूरे सपनों या भावनात्मक अपेक्षाओं का बोझ थोपना उनके लिए नुकसानदायक हो सकता है। बच्चे कोमल स्वभाव के होते हैं, अत्यधिक दबाव से उनका आत्मविश्वास टूट सकता है।

उन्होंने सुझाव दिया कि माता-पिता यदि पाठ्यपुस्तकों के हर शब्द का अर्थ प्रेम और धैर्य के साथ समझाएं, तो बच्चे खुद ही प्रश्नों के मर्म को समझकर उत्तर लिख पाएंगे।

“रटंत नहीं, समझ जरूरी”

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिना समझे रटने से ज्ञान स्थायी नहीं रहता। जो बातें समझकर सीखी जाती हैं, वही जीवन भर साथ देती हैं और भविष्य में काम आती हैं। आज जो बच्चे सीख रहे हैं, वही कल देश का भविष्य बनाएंगे।

बच्चे अनमोल धरोहर हैं

उन्होंने कहा कि बच्चे समाज और देश की अनमोल धरोहर हैं। यदि उन्हें प्यार, धैर्य और सहयोग मिले, तो वे अपेक्षा से कहीं बेहतर परिणाम देंगे। खासकर व्यापारिक संगठनों और सामाजिक लोगों से उन्होंने आग्रह किया कि बच्चों और देश के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षा अवधि में अप्रत्यक्ष सहयोग जरूर करें।

पुलिस हर मदद को तैयार

अपने संदेश के अंत में पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने परीक्षा में जुटे सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि यदि किसी छात्र को पढ़ाई के दौरान किसी भी तरह की परेशानी होती है, तो पुलिस कप्तान कार्यालय से लेकर संबंधित थाना तक संपर्क किया जा सकता है। पुलिस बच्चों की पढ़ाई में आने वाले हर व्यवधान को दूर करने के लिए पूरी तत्परता से भूमिका निभाएगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close