LIVE UPDATE
Bilaspur

बिलासपुर में बदमाशों की दोहरी घेराबंदी, कोनी में गुंडे काबू तो सरकंडा में चाकू लहराता आरोपी गिरफ्तार

शराब दुकान से गली तक कानून, एक ही दिन दो सख्त कार्रवाई

बिलासपुर… जिले में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने एक साथ दो मोर्चों पर सख्त कार्रवाई की है। कोनी थाना क्षेत्र में दो बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, वहीं सरकंडा क्षेत्र में शराब दुकान के भीतर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

कोनी थाना क्षेत्र में संभावित विवाद और मारपीट की आशंका को देखते हुए पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक ये दोनों क्षेत्र में तनाव का कारण बन रहे थे और इनके कारण शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की, ताकि इलाके में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

इधर सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित शासकीय शराब दुकान में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर दुकान में आने-जाने वाले लोगों को डराने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बटनदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस का कहना है कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर भय और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close