LIVE UPDATE
Bilaspur

चेक डैम के नीचे मिला शव बना हत्या का खुलासा: लूट के इरादे से युवक को पुल से फेंका

पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर…अरपा नदी चेक डैम के नीचे मिले युवक के शव की गुत्थी सिटी कोतवाली पुलिस ने सुलझा ली है। लूट के उद्देश्य से की गई इस हत्या में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मृतक का नाम ग्राम नरगोड़ा निवासी 25 वर्षीय राजेंद्र सूर्यवंशी है।

15 जुलाई को मिला शव, बहुस्तरीय जांच

15 जुलाई 2025 को अरपा नदी चेक डैम के नीचे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पहचान के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डायटम रिपोर्ट, विसरा परीक्षण और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हत्या की पुष्टि हुई और अपराध दर्ज कर विवेचना आगे बढ़ाई गई।

टेक्निकल इनपुट और ह्यूमन इंटेल से सफलता

जांच के दौरान मिले तकनीकी इनपुट और मानव स्रोतों की जानकारी के आधार पर विकास उर्फ भोले केवट और शनि उर्फ छोटू गंधर्व को हिरासत में लिया गया। सीएसपी सिटी कोतवाली गगन कुमार और थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे पचरी घाट डैम के दूसरे छोर पर शराब सेवन कर रहे थे। लौटते समय उन्होंने मृतक को अकेले बैठा देखा और उसके पास मोबाइल व नगदी होने की आशंका में लूट की योजना बनाई।

विरोध पर मारपीट, पुल से नीचे फेंका

आरोपियों ने मृतक से मारपीट की। विरोध करने पर हमला और उग्र हुआ, जिससे वह अचेत हो गया। साक्ष्य मिटाने के इरादे से दोनों ने उसे पुल की रेलिंग से नीचे नदी में फेंक दिया। पानी में गिरने से उसकी मृत्यु हो गई।

वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल और नगदी लेकर फरार हो गए। लूटा गया मोबाइल पुलिस ने बरामद कर लिया है।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

अरपा चेक डैम का यह मामला अब अंधे कत्ल से संगठित लूट-हत्या में बदल चुका है, जिसे पुलिस ने तकनीकी और मनोवैज्ञानिक जांच के संयोजन से सुलझाया।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close