नशामुक्ति के दावे, खेतों में अफीम.. भाजपा सरकार पर कांग्रेस का बड़ा हमला
अफीम की फसल और सियासत का विस्फोट ..जब धान की धरती पर अफीम उगी

बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी)..दुर्ग जिले के समोदा गांव में लगभग 9.5 एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद सियासत तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील कुमार सिंह ने इस पूरे प्रकरण को बेहद गंभीर और चिंताजनक बताते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
सुनील कुमार सिंह ने कहा कि इस मामले में भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेता विनायक ताम्रकार का नाम सामने आना यह साफ संकेत देता है कि प्रदेश में नशे का कारोबार राजनीतिक संरक्षण में पनप रहा है। उनका कहना है कि यदि सत्ताधारी दल से जुड़े लोग ही ऐसे अवैध कारोबार में शामिल पाए जाते हैं तो यह सरकार की नीयत और प्रशासन दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
नशामुक्ति की बात और खेतों में अफीम
सुनील सिंह ने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री की सरकार प्रदेश को नशामुक्त बनाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर भाजपा से जुड़े नेताओं के खेतों में अफीम की खेती पकड़ी जा रही है। इसके साथ ही सरकार गांव-गांव में नई शराब दुकानें खोलने का निर्णय ले रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने में असफल भाजपा सरकार अब प्रदेश को नशे की गिरफ्त में धकेलने का काम कर रही है। यह केवल एक आपराधिक मामला नहीं बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है।
उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेता ने मांग की कि दुर्ग जिले के समोदा में अवैध अफीम खेती के पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में चाहे कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न शामिल हो, दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
सुनील सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे आदिवासी बहुल और सांस्कृतिक रूप से संवेदनशील प्रदेश में इस तरह की घटनाएं समाज के लिए घातक साबित होंगी।
नई शराब दुकानों के फैसले का विरोध
उन्होंने सरकार के उस निर्णय का भी विरोध किया जिसमें प्रदेश में नई शराब दुकानें खोलने की बात कही गई है। कांग्रेस पार्टी ने इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश को नशे की ओर धकेलने वाली नीतियां समाज के लिए बेहद खतरनाक साबित होंगी।
महंगाई पर सरकार पर निशाना
सुनील कुमार सिंह ने केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश में महंगाई अपने चरम पर पहुंच गई है। घरेलू गैस सिलेंडर में 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलेंडर में 445 रुपये की बढ़ोतरी ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्पष्ट मांग है कि गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए। यदि सरकार ने इस पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में व्यापक आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी।





