LIVE UPDATE
Bilaspur

“बिजली गई तो बुझ गए दावे – तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र में टॉर्च से कराई गई डिलवरी”

तखतपुर (टेकचंद कारड़ा)..तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की बदहाली को उजागर कर दिया है। बीती रात बेलसरी निवासी महिला ज्योति को प्रसव पीड़ा होने पर जब अस्पताल लाया गया तो परिजनों को उम्मीद थी कि यहां सुरक्षित संस्थागत प्रसव होगा। लेकिन अस्पताल की व्यवस्था ने सबको हैरान कर दिया।

अंधेरे में अफरा-तफरी, टॉर्च बनी सहारा

जैसे ही महिला को डिलीवरी के लिए ऑपरेशन थियेटर ले जाया गया, अचानक पूरे अस्पताल की बिजली गुल हो गई। नर्सें अफरा-तफरी में इधर-उधर भागती रहीं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि टांके लगाने तक का काम अधर में अटक गया। महिला का रक्तस्त्राव लगातार बढ़ रहा था और बिजली का कोई इंतजाम नहीं हो पाया। अंततः नर्स ने बाहर खड़े व्यक्ति से मोबाइल फोन मांगा और मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में प्रसव पूरा कर जच्चा-बच्चा की जान बचाई।

मरीज भी रहे बेहाल

सिर्फ प्रसूता ही नहीं, बल्कि अस्पताल में भर्ती अन्य मरीज और उनके परिजन भी अंधेरे और उमस भरी गर्मी में परेशान होते रहे। परिजन मरीजों को गमछे से हवा करते दिखे। हालात ऐसे थे मानो अस्पताल नहीं, बल्कि किसी पुरानी ढाणी में लोग इलाज कराने मजबूर हों।

सरकारी दावों की पोल खुली

सरकार एक ओर संस्थागत डिलीवरी को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर तखतपुर जैसे स्वास्थ्य केंद्रों में बिजली और मूलभूत सुविधाओं तक का अभाव है। यह घटना बताती है कि स्वास्थ्य केंद्र खुद बीमार पड़ चुके हैं।

अधिकारियों की सफाई

बीएमओं उमेश कुमार साहू ने सफाई देते हुए कहा कि दिनभर बिजली बंद रहने और इन्वर्टर की बैकअप क्षमता खत्म होने के कारण आपात स्थिति में टॉर्च का सहारा लेना पड़ा। वहीं जेई रचित दुआ का कहना है कि अस्पताल में थ्री-फेस कनेक्शन है, केवल एक फेस की दिक्कत थी, जिसे आधे घंटे में दुरुस्त कर दिया गया। उनका दावा है कि “सुबह से बिजली बंद थी” यह कहना गलत है।

सवाल बरकरार

अस्पताल प्रशासन चाहे जितनी सफाई दे, लेकिन सवाल यह है कि क्या जीवनरक्षक सेवाओं पर टॉर्च की रोशनी भरोसे छोड़ी जा सकती है? यदि समय पर नर्स ने सूझबूझ न दिखाई होती, तो जच्चा-बच्चा की जान पर बन आती।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close