Big news

छत्तीसगढ़ कैबिनेट विस्तार : सीएम विष्णुदेव साय के संकेत से बढ़ी हलचल

छत्तीसगढ़ कैबिनेट विस्तार : रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में इन दिनों कैबिनेट विस्तार की चर्चा एक बार फिर से सुर्खियों में है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विदेश प्रवास पर जाने की तैयारी में हैं, लेकिन उससे पहले उन्होंने इशारा दे दिया है कि मंत्रिमंडल विस्तार अब ज्यादा दूर नहीं है। मीडिया से बातचीत में सीएम साय ने कहा कि “बस थोड़ा इंतजार करना होगा, जल्द ही फैसला होगा।”

उनके इस बयान के बाद राजनीति के गलियारों में हलचल तेज हो गई है और संभावित नामों को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है।

दिल्ली से मिल रहे संकेतों और सीएम के खुलासे से अब यह साफ हो गया है कि छत्तीसगढ़ में जल्द ही कैबिनेट विस्तार होने वाला है।

खास बात यह है कि इस बार केवल दो नहीं, बल्कि तीन नए विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। हरियाणा मॉडल की तर्ज पर तीन नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार यह विस्तार होगा, पुनर्गठन नहीं।

यानी किसी मौजूदा मंत्री की छुट्टी नहीं होने जा रही है। यह फिलहाल उन मंत्रियों के लिए राहत की खबर है, जिनके बारे में सोशल मीडिया पर अफवाहें उड़ रही थीं कि उन्हें पद से हटाया जा सकता है।

राजनीतिक चर्चाओं में यह भी जोर पकड़ रहा है कि सीएम साय मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण का पूरा ध्यान रखेंगे।

कयास लगाए जा रहे हैं कि जिन तीन विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा, उनमें से एक सामान्य वर्ग से, एक ओबीसी और एक एससी वर्ग से होंगे। इससे सत्ता और संगठन दोनों के समीकरण साधे जाएंगे।

हालांकि किस विधायक की किस्मत चमकेगी और कैबिनेट मंत्री बनने का मौका मिलेगा, यह अंतिम फैसला दिल्ली और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों के साथ-साथ खुद मुख्यमंत्री साय पर निर्भर करेगा।

लेकिन इतना तय है कि मुख्यमंत्री के संकेत के बाद जनता और राजनीतिक हलकों में उत्सुकता और बढ़ गई है।

Back to top button