CG News-चोरों के हौसले बुलंद: सूने मकान का ताला तोड़ चांदी के सिक्के और बाइक पार, 2 लाख की चोरी से इलाके में हड़कंप
बुधवार शाम जब परिवार वापस लौटा, तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।

CG News-पिथौरा। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे अब पुलिस की गश्त को चुनौती देते हुए दिन-ब-दिन बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला शहर से लगे ग्राम लाखागढ़ का है, जहां एक सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने करीब 2 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, लाखागढ़ निवासी हेमलाल प्रधान सोमवार की रात अपने परिवार के साथ अपने गृह ग्राम बारनायपारा गए हुए थे। घर सूना पाकर चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया।
बुधवार शाम जब परिवार वापस लौटा, तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने घर के भीतर रखी आलमारी को कटर या किसी भारी औजार से तोड़ दिया था। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर वहां रखे चांदी के पुराने सिक्के, नकदी और घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल सहित अन्य कीमती सामान ले उड़े हैं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, चोरी हुए कुल मशरूका की कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस घटना के बाद से पूरे लाखागढ़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में चोरियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस इन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है। गौरतलब है कि महज 15 दिन पहले ही पिथौरा नगर के पास स्थित कर्मचारी कॉलोनी में भी लाखों रुपये की बड़ी चोरी हुई थी। उस मामले में भी स्थानीय पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं और आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
फिलहाल, पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, लेकिन क्षेत्र में बढ़ता अपराध का ग्राफ नागरिकों की रातों की नींद उड़ा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस इन शातिर चोरों तक कब तक पहुंच पाती है या फिर यह मामला भी पुरानी फाइलों की तरह दब कर रह जाएगा।





