CG News-सरकारी स्कूल की दीवार फांदकर घुसा सनकी, तीसरी के मासूम छात्र को डंडे से बेरहमी से पीटा; दहशत में बच्चा

CG News-धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सरकारी स्कूल के भीतर घुसकर एक सनकी व्यक्ति ने तीसरी कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी।
यह घटना भानपुरी गांव के शासकीय प्राथमिक शाला की है। आरोपी ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए दीवार फांदकर भीतर प्रवेश किया और मासूम बच्चे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में बच्चे के चेहरे, पीठ और पैर पर गंभीर चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात उस समय हुई जब स्कूल में दोपहर के भोजन (मिड-डे मील) का समय था। पीड़ित छात्र खाना खाने के बाद बाथरूम की ओर गया था, तभी गांव के ही डोमार ध्रुव नामक व्यक्ति ने दीवार फांदकर स्कूल परिसर में घुसपैठ की और बिना किसी कारण के बच्चे को पीटना शुरू कर दिया। बच्चे के पिता चेतन निर्मलकर ने बताया कि जब वे काम से लौटकर घर पहुंचे, तब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली।
पिता के अनुसार, हमलावर की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। हमले के बाद मासूम बच्चा इतना अधिक डरा और सहम गया था कि उसके गले से आवाज तक नहीं निकल पा रही थी। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है। हालांकि, इस घटना ने बच्चे के मन में गहरी दहशत पैदा कर दी है।
इस मामले ने सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। दिन-दहाड़े एक बाहरी व्यक्ति का स्कूल परिसर में घुसकर छात्र पर हमला करना शिक्षकों और प्रबंधन की निगरानी पर सवाल उठाता है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी छानबीन के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित पिता ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य मासूम के साथ ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। फिलहाल, पुलिस गांव के लोगों और स्कूल स्टाफ से पूछताछ कर रही है।





