CG News : मैट्रिमोनियल साइट पर डॉक्टर से 46 लाख की ठगी, अस्पताल खोलने के नाम पर हुआ स्कैम
मिली जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर ने थाने में शिकायत दी। जिसमें उसने बताया कि वह जैनम प्लेनेट टाटीबंध में रहता है। AIIMS अस्पताल में डॉक्टर हैं। करीब 2 महीने पहले एक मैट्रिमोनियल साइट में उसकी डॉक्टर राधिका मुखर्जी नाम की महिला से जान पहचान हुई थी।

CG news/रायपुर /रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक एआईएमएस के डॉक्टर को मैट्रिमोनियल साइट के जरिए 46 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी का सामना करना पड़ा। डॉक्टर और महिला के बीच शादी की बातचीत चल रही थी और महिला ने डॉक्टर को भविष्य में साथ मिलकर अस्पताल खोलने का झांसा दिया।
इस भरोसे में आकर डॉक्टर ने महिला के कहे अनुसार एक ऑनलाइन ट्रेडिंग साइट में लगातार रकम निवेश की, लेकिन अंततः उसे ठगी का पता चला।
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर राधिका मुखर्जी नाम की महिला से करीब दो महीने पहले मैट्रिमोनियल साइट पर मिले थे। महिला ने वॉट्सऐप कॉल के जरिए बातचीत करते हुए उन्हें ‘फॉरेक्स प्लस 500 ग्लोबल सीएस’ नामक ट्रेडिंग साइट पर निवेश करने के लिए कहा। उसने डॉक्टर को यह भरोसा दिलाया कि वे दोनों मिलकर गुजरात के अहमदाबाद में एक अस्पताल खोलेंगे। शुरुआत में डॉक्टर ने इस बात से इनकार किया, लेकिन महिला के लगातार दबाव और आश्वासनों के कारण वह झांसे में आ गया।
डॉक्टर ने महिला के कहने पर बैंक से 30 लाख रुपए का लोन लिया और अपनी ओर से लगभग 16 लाख रुपए और जुटाए। इसके बाद 3 अप्रैल से 14 मई 2025 के बीच कुल 17 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए पैसा ट्रेडिंग साइट में निवेश किया। ट्रांजैक्शन की रकम 50 हजार से लेकर 9 लाख रुपए तक थी।
ट्रेडिंग साइट पर शुरुआत में मुनाफा दिखने लगा और डॉक्टर के अकाउंट में करीब एक करोड़ रुपए भी दिखाई दिए, लेकिन जब उन्होंने पैसा निकालने की कोशिश की तो वह असफल रहे। इस पर शक होने पर उन्होंने महिला से संपर्क किया तो उसका फोन बंद मिल रहा था।
डॉक्टर ने इस धोखाधड़ी की शिकायत आमानाका थाने में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। रायपुर ASP दौलत राम पोर्ते ने बताया कि जांच प्रक्रिया जारी है और जल्द ही ठग महिला का पता लगाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।