CG News/रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा की अंदरूनी राजनीति और कार्यशैली पर तीखा प्रहार करते हुए इसे ‘यूज़ एंड थ्रो’ (इस्तेमाल करो और फेंक दो) की नीति करार दिया है। शनिवार को पंजाब दौरे से रायपुर लौटने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए बघेल ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटे जाने पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा कि भाजपा अपने ही बड़े और ‘फायर ब्रांड’ नेताओं को दूध से मक्खी की तरह बाहर निकालने का काम कर रही है, जो उनके वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति घोर अपमान को दर्शाता है। बघेल ने दावा किया कि भाजपा अब अपने पुराने और अनुभवी चेहरों को किनारे कर नई तरह की ‘अपमानजनक’ राजनीति को बढ़ावा दे रही है।

पंजाब दौरे के अनुभवों को साझा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि वहां कांग्रेस की नई टीम घोषित हो चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि नई नियुक्तियों के बाद कुछ साथियों की अपेक्षाएं होती हैं, जो लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन कांग्रेस में किसी भी स्तर पर ‘समझौता’ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आज देश की शीर्ष सत्ता ही कई मोर्चों पर समझौतों के दौर से गुजर रही है।

बघेल ने छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों पर भी राज्य सरकार को जमकर घेरा। कवर्धा में वायरल हुए एक वीडियो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह वीडियो सरकार की कार्यक्षमता की पोल खोल रहा है।CG News

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मुखिया के सामने जब कोई फरियादी अपनी गुहार लगाता है, तो उसे नजरअंदाज कर दिया जाता है, जो बेहद संवेदनहीनता भरा कृत्य है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के वायरल वीडियो पर तंज कसते हुए बघेल ने कहा कि भाजपा अब अपने कार्यकर्ताओं को कुछ भी नहीं देने वाली है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि रमन सिंह न केवल कार्यकर्ताओं के लिए बोल रहे हैं, बल्कि इस वीडियो के जरिए उनकी खुद की जो दोबारा मुख्यमंत्री बनने की दबी हुई इच्छा थी, उसकी निराशा भी अब साफ झलकने लगी है।