Chhattisgarh

Cg news: छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में हाई स्कूल के प्राचार्य पर FIR, पहले भी दर्ज हो चुका है मामला

CG News।बिलासपुर के कोटा ब्लॉक में स्थित जोगीपुर हाई स्कूल के प्रभारी प्राचार्य पर एक छात्रा से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगे हैं।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पोक्सो एक्ट और छेड़छाड़ के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। यह घटना तब सामने आई जब छात्रा ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी।

क्या है पूरा मामला?
कोटा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति की बेटी जोगीपुर हाई स्कूल में पढ़ती है।

छात्रा ने अपने पिता को बताया कि 15 अगस्त से चार दिन पहले, प्रभारी प्राचार्य मनीष वर्मा ने उसे और दो अन्य छात्राओं को स्कूल के हॉल की सफाई के लिए बुलाया था।

छात्रा का आरोप है कि सफाई के दौरान प्राचार्य उसे गलत नजर से देख रहे थे और उन्होंने उसकी कमर पर भी हाथ रखा।

छात्रा ने तुरंत यह बात अपने पिता को बताई, जिसके बाद उन्होंने कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मनीष वर्मा के खिलाफ पोक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

शिक्षिका के साथ विवाद और षड्यंत्र का आरोप
दिलचस्प बात यह है कि आरोपी प्राचार्य मनीष वर्मा ने दो दिन पहले ही कलेक्टर के जनदर्शन में और एसपी से मिलकर एक महिला व्याख्याता पर उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया था।

प्राचार्य का कहना है कि उन्होंने महिला टीचर को स्कूल में देर से आने और क्लास न लेने पर टोका था। इसके बाद उन्होंने महिला टीचर को एक काम जल्दी पूरा करने के लिए कहा, जिस पर दोनों में बहस हुई। प्राचार्य ने इसकी शिकायत विभाग के अधिकारियों से की थी।

इसके बाद, महिला टीचर ने प्राचार्य पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज करा दिया था, जिसमें उन्हें जमानत मिल गई थी।

प्राचार्य के अनुसार, महिला टीचर अब उन्हें दूसरे मामले में फंसाने की धमकी दे रही है। प्राचार्य ने यह भी बताया कि महिला टीचर ने पहले भी एक दूसरे जिले में पदस्थ प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए थे।

Back to top button
close