Education

CBSE ने बदले नियम! अब प्राथमिक स्तर के लिए खोल सकेंगे ब्रांच स्कूल, जानिए पूरी डिटेल

CBSE/नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) लगातार शिक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव कर रहा है। इसी कड़ी में अब CBSE ने ब्रांच स्कूल स्थापित करने के नियमों में संशोधन किया है, जिससे प्राथमिक स्तर पर स्कूल खोलना आसान हो जाएगा। इस फैसले से उन स्कूलों को बड़ी राहत मिलेगी, जो भूमि की कमी के चलते नए शिक्षण संस्थान स्थापित करने में सक्षम नहीं थे।

CBSE द्वारा जारी नई गाइडलाइंस के मुताबिक, मुख्य स्कूल की तरह ब्रांच स्कूल खोलने के लिए भी आवेदन किया जा सकता है। सेशन 2026-27 से ब्रांच स्कूल स्थापित करने के लिए स्कूलों को सरस 6.0 पोर्टल पर आवेदन करना होगा।

बोर्ड का कहना है कि यह कदम उन क्षेत्रों और शहरों के लिए फायदेमंद होगा, जहां भूमि की उपलब्धता सीमित है।

CBSE के अनुसार, वे स्कूल जो पहले से ही बोर्ड से संबद्ध हैं और 2018 के संबद्धता उपनियमों के तहत आते हैं, वे अपनी मौजूदा संबद्धता संख्या और नाम के तहत एक शाखा स्कूल खोल सकते हैं।

ये ब्रांच स्कूल बाल वाटिका से कक्षा 5 तक की कक्षाएं संचालित करेंगे, जबकि मुख्य स्कूल में छठी से 12वीं तक की पढ़ाई जारी रहेगी। इससे प्राथमिक शिक्षा को एक नया ढांचा मिलेगा और छोटे बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इस बदलाव के तहत स्कूलों को बोर्ड द्वारा तय किए गए शाखा स्कूल उपनियम-2025 का पालन करना होगा। यह कदम शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा सुधार है, जो छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद करेगा। CBSE से संबद्ध स्कूल अब अपने संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर सकेंगे और छात्रों को बेहतर बुनियादी ढांचा प्रदान कर पाएंगे।

क्या कहते हैं  नए नियम?

  • मुख्य स्कूल एक ही एफीलिएशन नंबर, नाम और मैनेजमेंट ब्रांच स्कूल स्थापित कर सकते हैं।
  • बुनियादी ढांचे, शिक्षण स्टाफ और सहायक स्टाफ के संदर्भ में दोनों स्कूलों के पास संसाधनों का अलग-अलग सेट होना चाहिए।
  • ब्रांच स्कूल में बाल वाटिका I, II और III लेकर कक्षा पांचवी तक के क्लासेस चलाने की अनुमति होगी।
  • ब्रांच स्कूलों में हेड मास्टर/हेड मिस्ट्रेस नियुक्त किए जाएंगे।
  • शाखा स्कूल नगर पालिका सीमा के भीतर स्थित होनी चाहिए।
  • दोनों शाखों का प्रबंधन और स्वामित्व एक ही होगा। वेबसाइट भी एक होगी। प्रशासनिक और शैक्षणिक प्रथाओं को भी साझा किया जाएगा।
  • ब्रांच स्कूलों में क्लास रूम, लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, पेय जल सुविधा, वैलनेस रूम, प्लेग्राउंड, आर्ट एंड क्राफ्ट रूम, डांस म्यूजिक रूम, एक्सपेरिमेंट लर्निंग लैब, थिएटर/ऑडिटोरियम और  CWSN उम्मीदवारों के लिए विशेष सुविधाएं होंगी। सुरक्षा प्रावधान का ख्याल भी रखना होगा।
Back to top button
close