LIVE UPDATE
Bilaspur

घेराबंदी कर कार रोकी, गांजा, वॉकी-टॉकी और वाहन समेत 6.77 लाख की जब्ती— तस्कर गिरफ्तार

पेण्ड्रा से बिलासपुर तक नशे की सप्लाई पर ब्रेक: रतनपुर पुलिस ने 3.3 किलो गांजा के साथ तस्कर दबोचा

बिलासपुर..जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के अभियान के बीच रतनपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। पेण्ड्रा से बिलासपुर की ओर बिक्री के लिए लाया जा रहा गांजा पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से गांजा, संचार उपकरण और वाहन सहित लाखों की सामग्री जब्त की गई है।

सूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए पुलिस को इनपुट मिला कि एक युवक नीले रंग की कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर बिलासपुर की ओर बढ़ रहा है। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने तत्काल रणनीति बनाई और ग्राम घासीपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

तलाशी के दौरान कार से करीब 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई। साथ ही एक मोबाइल फोन, दो वॉकी-टॉकी और गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई। कुल जब्ती की कीमत लगभग 6 लाख 77 हजार रुपये है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान सौरभ मिश्रा के रूप में हुई, जो गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही क्षेत्र का निवासी है। पूछताछ में उसने गांजा को बिलासपुर में खपाने के लिए लाना स्वीकार किया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

पूरे घटनाक्रम में पुलिस की सतर्कता और सटीक सूचना तंत्र ने अहम भूमिका निभाई। टीम में उपनिरीक्षक पवन सिंह, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक संजय यादव और महिला आरक्षक अंजेला खलखो का विशेष योगदान रहा।

आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close