LIVE UPDATE
Bilaspur

दिनदहाड़े कार में आग, शहर में दहशत की कोशिश नाकाम—तीन आरोपी गिरफ्तार

दिनदहाड़े कार जलाकर दहशत फैलाने की साजिश नाकाम

बिलासपुर…तारबाहर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े घर के बाहर खड़ी कार को पेट्रोल डालकर जलाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना के साथ जान से मारने की धमकी दिए जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला बढ़ने से पहले ही थम गया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना 1 फरवरी 2026 की है। विनोबा नगर निवासी दीपक सिंह ने थाना तारबाहर में शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर के बाहर खड़ी हुंडई केटा कार में पेट्रोल डालकर आग लगाई गई। आरोप है कि इस वारदात को उनके ही रिश्तेदार श्रेयांस सिंह कंडा ने अपने दो साथियों के साथ अंजाम दिया और धमकी दी गई कि अगला निशाना जान होगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। सूचना मिलते ही वरिष्ठ स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई और स्पष्ट निर्देश दिए गए कि आरोपियों को किसी भी हाल में दोबारा वारदात करने का मौका न मिले।

इसी क्रम में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी श्रेयांस सिंह कंडा, मौरिस रोडनी मार्टिन और आनंद दास को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी को भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात पूरी तैयारी के साथ की गई थी और उद्देश्य डर का माहौल बनाना था।

इस कार्रवाई को शहर की कानून-व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पुलिस कप्तान रजनेश सिंह की निगरानी और स्पष्ट निर्देशों के चलते मामले में त्वरित गिरफ्तारी संभव हो सकी, जिससे किसी बड़ी आपराधिक घटना की आशंका टल गई।

पूरे मामले में तारबाहर थाना पुलिस की भूमिका को प्रभावी माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक पृष्ठभूमि और आपसी विवाद के बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button