किसान सम्मेलन में ‘लाभ ऑन स्पॉट’: मुख्यमंत्री ने दिया जरूरतमंदों को तोहफा… उपकरण, ट्राइसाइकिल और चेक का वितरण
किसान सम्मेलन में योजनाओं का वितरण, हितग्राहियों को मिला सीधा लाभ

बिलासपुर…बिल्हा विकासखंड के रहंगी में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत चयनित हितग्राहियों को कृषि उपकरण, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और अलग-अलग योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
मछली पालन विभाग ने ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना’ के तहत हितग्राहियों को मोटरसाइकिल सह आइस बॉक्स प्रदान किए। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम की ‘कृषक उन्नति योजना’ के अंतर्गत किसानों को हार्वेस्टर, स्प्रिंकलर सेट और विद्युत पंप वितरित किए गए।
समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल दी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के माध्यम से किसानों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। उद्यान विभाग की ‘नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल पाम’ योजना के तहत चयनित हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
श्रम विभाग ने ‘मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना’ के तहत पात्र परिवारों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी। वय वंदन कार्ड भी वितरित किए गए।
पशुधन विकास से जुड़ी राज्य डेयरी उद्यमिता योजना के अंतर्गत पशुपालकों को चेक प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और आवास की चाबी सौंपी गई।
सम्मेलन में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कृषि, पशुपालन, उद्यान, श्रम और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाए गए।





