Balrampur Hostel Students Protest: हॉस्टल अधीक्षक को हटाने पर भड़के छात्र, कड़ाके की ठंड में कलेक्टर से मिलने निकले; लगाए गंभीर आरोप
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल के साथ ट्राइबल विभाग की सहायक आयुक्त (एसी) समीक्षा जयसवाल, तहसीलदार सुनील गुप्ता और मंडल संयोजक तुरंत मौके पर पहुंचे। बीच रास्ते में छात्रों को रोककर अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान भावुक छात्रों ने प्रशासन के सामने अपनी समस्याओं का पिटारा खोल दिया।

Balrampur Hostel Students Protest।बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में स्थित कोरवा बालक आश्रम भेलवाडीह के छात्र शुक्रवार को अचानक सड़कों पर उतर आए।
छात्रावास अधीक्षक उमा सोनवानी को हटाए जाने के प्रशासनिक फैसले से नाराज दर्जनों छात्रों ने विरोध स्वरूप कलेक्टर कार्यालय की ओर लगभग 4 किलोमीटर का पैदल मार्च शुरू कर दिया।
छात्रों के इस तरह सामूहिक रूप से छात्रावास छोड़कर सड़क पर निकलने की खबर मिलते ही जिला प्रशासन और ट्राइबल विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल के साथ ट्राइबल विभाग की सहायक आयुक्त (एसी) समीक्षा जयसवाल, तहसीलदार सुनील गुप्ता और मंडल संयोजक तुरंत मौके पर पहुंचे। बीच रास्ते में छात्रों को रोककर अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान भावुक छात्रों ने प्रशासन के सामने अपनी समस्याओं का पिटारा खोल दिया।
छात्रों ने स्कूल की प्राचार्य सुफला टोप्पो पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे टॉयलेट और बाथरूम साफ कराए जाते हैं।
छात्रों का यह भी आरोप है कि उन्हें समय पर खाना नहीं मिलता और जो भोजन दिया जाता है उसकी गुणवत्ता बहुत खराब होती है।
बच्चों ने अधिकारियों से दोटूक शब्दों में कहा कि वे कलेक्टर से सीधे मिलकर अपने साथ हो रहे अन्याय और दुर्व्यवहार की जानकारी देना चाहते हैं।
काफी देर तक चली समझाइश और अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच के ठोस आश्वासन के बाद छात्र वापस छात्रावास लौटने को तैयार हुए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बच्चों को भरोसा दिलाया है कि भविष्य में उन्हें भोजन या साफ-सफाई को लेकर कोई परेशानी नहीं होगी और प्राचार्य के खिलाफ लगाए गए आरोपों की गहन जांच की जाएगी। फिलहाल सभी छात्र सुरक्षित छात्रावास पहुँच चुके हैं और विभाग ने मामले की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।