LIVE UPDATE
Bilaspur

पुलिस लाइन में वार्षिक निरीक्षण, अनुशासन और संसाधनों की स्थिति की गहन पड़ताल

वार्षिक निरीक्षण में पुलिस लाइन की परख, रजनेश सिंह ने परेड से संसाधनों तक हर व्यवस्था को जांचा

बिलासपुर..जिले की पुलिस व्यवस्था और संसाधनों की स्थिति का आकलन करने के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परेड, स्क्वाड ड्रिल, मार्चपास्ट और बलवा ड्रिल की बारीकी से जांच की गई और जवानों के टर्न आउट की भी समीक्षा की गई।

परेड के दौरान अनुशासन और तैयारी को परखते हुए स्क्वाड ड्रिल, शस्त्र अभ्यास, दिशा परिवर्तन और बलवा नियंत्रण अभ्यास कराया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को मौके पर ही पुरस्कृत किया गया, जबकि लापरवाही और कमजोर टर्न आउट वाले कर्मचारियों को सुधार के निर्देश दिए गए। इस परेड में 11 राजपत्रित अधिकारी सहित कुल 326 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

निरीक्षण के बाद आयोजित पुलिस सम्मेलन में रजनेश सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान स्वास्थ्य, स्थानांतरण, वेतन, सेवा और आवास से जुड़ी समस्याएं सामने आईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस परिवार के क्वार्टरों में पानी की समस्या को भी गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।

सम्मेलन में पुलिस मुख्यालय और रेंज मुख्यालय से जारी निर्देशों की जानकारी दी गई और सभी थाना-चौकी प्रभारियों को मोबाइल पेट्रोलिंग, सतर्कता, जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ काम करने पर जोर दिया गया। सामुदायिक पुलिसिंग, महिला और बाल सुरक्षा तथा नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

रजनेश सिंह ने बीट प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया। उनका कहना था कि क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति और आम लोगों से संवाद बढ़ने से सुरक्षा की भावना मजबूत होती है और अपराध नियंत्रण में मदद मिलती है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का भी अवलोकन किया गया और संसाधनों के रख-रखाव, मरम्मत तथा समय पर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिले की पुलिस को आधुनिक और संसाधनयुक्त बनाने के लिए नए उपकरण, बलवा नियंत्रण सामग्री और वाहनों की व्यवस्था भी की गई है।

जिले में पुलिस संसाधनों के विस्तार के तहत 16 नई बोलेरो हल्के वाहन, दो मालवाहक ट्रक और एक बस उपलब्ध कराई गई है। वहीं कर्मचारियों के लिए 108 नए क्वार्टर स्वीकृत हुए हैं, जिनका निर्माण पूरा होने के बाद पुलिस कर्मियों को आवास सुविधा मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बेहतर पुलिसिंग के लिए सभी को और अधिक जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button