LIVE UPDATE
Big news

Ambikapur Gun Robbery Arrest: बैंक गार्ड से लिफ्ट देने के बहाने बंदूक लूटने वाला शातिर गिरफ्तार, जशपुर के कांसाबेल से हुई बरामदगी

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के कुशल निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली और गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जशपुर जिले के कांसाबेल से धर दबोचा और लूटी गई डबल बैरल बंदूक बरामद कर ली है।

Ambikapur Gun Robbery Arrest।अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बैंक सुरक्षा गार्ड से दिनदहाड़े लाइसेंसी बंदूक लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के कुशल निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली और गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जशपुर जिले के कांसाबेल से धर दबोचा और लूटी गई डबल बैरल बंदूक बरामद कर ली है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि पीड़ित अमोद कुमार एक्का, जो पंजाब एंड सिंध बैंक की अंबिकापुर शाखा में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात हैं, ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

8 फरवरी की दोपहर करीब 1 बजे जब वे अपना पुराना कमरा शिफ्ट कर रहे थे, तब सामान अधिक होने के कारण वे अपनी लाइसेंसी बंदूक कंधे पर टांगकर पैदल ही प्रतापपुर नाका की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान नवापारा कुम्हारपारा ढलान के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें लिफ्ट देने का झांसा दिया। गार्ड जैसे ही बाइक पर बैठे, आरोपी उन्हें सुनसान जगह ले गया और मौका पाकर बंदूक लूटकर फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण किया।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के जशपुर जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी जयपाल लकड़ा (निवासी महादेवडांड, बगीचा) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है और बताया कि वह वर्तमान में गांधीनगर के गोधनपुर क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई बंदूक और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Back to top button
close