जनता के सुझाव, विकास की दिशा: ‘मंथन’ में अमर ने मांगा विज़न.., बहस में आए ऐसे जवाब
जनता की सीधी भागीदारी: अमर ने सुझावों पर मांगा रोडमैप, बिलासपुर के विकास पर खुली चर्चा

बिलासपुर… शहर की प्रगति और समग्र विकास को लेकर नगर विधायक अमर अग्रवाल ने एक बार फिर जनता से सीधा संवाद साधा। फेसबुक लाइव कार्यक्रम ‘मंथन’ के दूसरे संस्करण में सैकड़ों नागरिक जुड़े और 15 लोगों ने सीधे अपने सुझाव रखे। चर्चा का फोकस स्पष्ट रहा—बिलासपुर को प्रदेश का अग्रणी और आदर्श शहर बनाने की दिशा में ठोस पहल।
लाइव संवाद के दौरान सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विषय प्रमुखता से सामने आए। श्रीमती सीमा चतुर्वेदी ने “बाल सुरक्षा एवं शिक्षा निगरानी समिति” के गठन का सुझाव रखा, वहीं डॉ. मोनिका पाठक ने स्वस्थ शहर की परिकल्पना के तहत नेचुरोपैथी सुविधाओं से युक्त आधुनिक योग केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। श्रीमती रश्मि गुप्ता ने अरपा नदी के नाम पर एक गरिमामय लोकमहोत्सव आयोजित करने की बात कही।
इसके अलावा शिक्षा, लोकसंस्कृति, सामाजिक उत्तरदायित्व और शहरी व्यवस्थाओं से जुड़े कई व्यावहारिक सुझाव सामने आए। विधायक ने सभी प्रस्तावों को सराहते हुए स्पष्ट किया कि व्यवहारिक और दीर्घकालिक प्रभाव वाले सुझावों पर चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने शहर में चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी साझा की और कहा कि जनभागीदारी के बिना स्थायी विकास संभव नहीं।
‘मंथन’ को जनप्रतिनिधि और नागरिकों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए उन्होंने इसे निरंतर जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में जुड़े नागरिकों ने भी पहल का स्वागत करते हुए इसे लोकतांत्रिक संवाद को मजबूती देने वाला कदम बताया।





