BilaspurChhattisgarh

डेढ़ महीने बाद कलेक्टर दर्शन.. अवनीश शरण ने फरियादियों से किया संवाद..अधिकारियों से कहा..नहीं मिलनी चाहिए शिकायत

बिलासपुर—चुनावी व्यस्तता खत्म होते ही करीब डेढ़ महीने के बाद कलेक्टर जनदर्शन में अवनीश शरण अपनी जनता से सीधे रूबरू हुए। उन्होने इस दौरान  फरियादियों की आवाज को सुना। इसके पहले कलेक्टर अवनीश शरण शासन की योजनाओं को लेकर अधिकारियों से संवाद किया। एक योजनाओं का रिपोर्ट लेने के साथ लम्बित कार्यों का तेजी से निराकरण करने को कहा। इस दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य महकमें को जनता के बीच अभियान चलाकर मेडिसिन उपयोग के तौर तरीकों को बताने का निर्देश दिया। 
डेढ़ महीने बाद कलेक्टर दर्शन
चुनावी व्यस्तता से छुटकारा मिलते ही लगभग डेढ़ माह बाद कलेक्टर अवनीश शरण के जनदर्शन कार्यक्रम में फरियादी, फरियाद लेकर पहुंचे। कलेक्टर शरण ने जनदर्शन में पहुंचे लोगों की समस्याओं को गौर किया। अधिकारियों को व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं को तेजी से निराकरण करने को कहा।
जनदर्शन कार्यक्रम में मस्तूरी विकासखण्ड खैरा जयरामनगर वासियों ने बताया कि कुछ दबंगो ने निस्तारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। जिसके चलते गांव को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अवनीश शरण ने तत्काल मस्तूरी एसडीएम को जरूरी आदेश दिया। ग्राम उर्तुम निवासियों ने भूपेन्द्र गौरहा और अन्य के खिलाफ अवैध कब्जा की शिकायत की। कलेक्टर ने एसडीएम को मामले में रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया। रतनपुर तहसील ग्राम मझवानी निवासी तिलक सिंह ने केंदा केवची सड़क निर्माण के तहत अधिग्रहित जमीन का मुआवजा मांगा।  सिंघरी निवासी किसान घनश्याम साहू ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने से खेती कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चिंगराजपारा निवासी चम्पा बाई साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का आवेदन दिया। तखतपुर विकासखंड के ग्राम गनियारी निवासी बलदाऊ ने 0.50 डिसमिल जमीन का मालिकाना हक मांगा। कलेक्टर ने सभी के आवेदन को संबधित विभाग के अधिकारियों के संज्ञान में लाया।  समस्या का निराकरण कर रिपोर्ट पेश करने को कहा।
पढें..टीएल बैठक में अधिकारियों से क्या बोले कलेक्टर
कलेक्टर अवनीश शरण ने टीएल बैठक में लम्बित मामलों और राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए अभी से पेयजल समस्या पर गौर करने को कहा। कलेक्टर ने हैण्डपंप मरम्मत का काम प्राथमिकता से लेने को कहा। जनपद सीईओ को गांववार मरम्मत के लिए सूची तैयार करने का आदेश दिया।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आदेश दिया कि अभियान चलाकर 30 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों की बीपी और शुगर जांच करे। अभियान के पहले चरण में सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों की बीपी शुगर जांचा जाए। बैठक में डीएफओ सत्यदेव शर्मा, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, सहायक कलेक्टर तन्मय खन्ना, एडीएम आर ए कुरूवंशी, शिव कुमार बनर्जी विशेष रूप से उपस्थित थे।

 

Back to top button