गौ संरक्षण और सामाजिक सद्भावना का अद्भुत मिसाल..भाई की याद में मां-बेटे का संकल्प..अंतिम सांस तक चलाएँगे यह मुहिम

बिलासपुर… कोरोना संक्रमणकाल में परिवार से अपनों को खोने का दुख सहने वाले जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी और उनकी मां रामदुलारी केशरवानी ने अपने छोटे बेटे,भाई अजय केशरवानी की स्मृति में आज एक पुनीत कार्य की शुरुआत की – “एक रोटी गौ माता के नाम” अभियान।
कार्यक्रम में वाराणसी के विद्वान आचार्यों की उपस्थिति में मंत्रोच्चार के साथ रूद्राभिषेक और सवा लाख महामृत्युंजय जाप का आयोजन किया गया। पंचम दिवसीय आध्यात्मिक कार्यक्रम के समापन पर हवन, पूजन और दिव्य आरती का आयोजन किया गया।
समापन अवसर पर मां रामदुलारी और विजय केशरवानी ने गौमाता के सामने संकल्प लिया और उन्हें रोटी अर्पित की। विजय ने बताया कि भाई की यादों को संजोने और उनकी स्मृति में यह कार्य करना उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
विजय ने आगे कहा कि इस अभियान को स्कूलों तक फैलाया जाएगा। बच्चों से आग्रह किया जाएगा कि वे अपने टिफिन में एक रोटी गौ माता के नाम लेकर आएँ। इससे बच्चों में गौ माता के प्रति प्रेम और सद्भावना की आदत विकसित होगी। उनका मानना है कि यह पहल भावी पीढ़ी को सनातन परंपरा से जोड़ने और गौ संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने में सहायक होगी।
पंचम दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान के अंत में उपस्थित सभी ने हवन पूजन और आरती में भाग लिया और अजय के स्मृति कार्यक्रम को सफलता पूर्वक सम्पन्न किया।





