LIVE UPDATE
Chhattisgarh

सड़क किनारे खड़ी कार, अंदर चल रहा नशे का खेल— सोशल मीडिया ने खोला राज

कार बनी नशे की कोठरी, कैमरे में कैद हुआ ‘सिंथेटिक ड्रग्स’ का खेल— पुलिस की साख पर फिर सवाल

रायपुर… राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ लगातार दावों के बीच एक वायरल वीडियो ने पुलिस और प्रशासन दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में कुछ युवक कार के भीतर बैठकर सिंथेटिक ड्रग्स का सेवन करते नजर आ रहे हैं, और यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद है।

करीब एक मिनट लंबे वीडियो में एक कार सड़क किनारे खड़ी दिखाई देती है। कार के अंदर मौजूद युवक आपस में बातचीत करते हुए नशे की प्रक्रिया को अंजाम देते दिखते हैं। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि दो युवक तीसरे युवक को ड्रग्स लेने का तरीका समझाते हुए उसका हाथ थामे हुए हैं। यह पूरा दृश्य किसी सुनसान जगह का प्रतीत होता है, जहां बेखौफ होकर नशे का प्रयोग किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि कार में मौजूद एक अन्य युवक ने ही इस पूरी घटना का वीडियो बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के सामने आते ही रायपुर पुलिस हरकत में आई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो राजधानी के किस इलाके का है और इसमें दिखाई देने वाले युवक कौन हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल फुटेज के आधार पर कार की पहचान, युवकों की लोकेशन और उनके नेटवर्क की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि सिंथेटिक ड्रग्स कहां से और किसके जरिए हासिल की गई।

नशे के खिलाफ अभियान और लगातार कार्रवाई के दावों के बीच इस तरह का वीडियो सामने आना राजधानी की निगरानी व्यवस्था और ग्राउंड-लेवल पुलिसिंग पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस टीमें युवकों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close