अवैध रेत-गिट्टी परिवहन पर कड़ी कार्रवाई, 5 हाइवा समेत 11 वाहन जब्त
तीन दिन की जांच में सामने आया अवैध खनिज परिवहन, 11 वाहन जब्त

Tबिलासपुर…जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर शिकंजा कसते हुए खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। तीन दिनों तक चले अभियान में अवैध रेत और गिट्टी परिवहन करते 5 हाइवा और 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित कुल 11 वाहनों को जब्त किया गया है। कार्रवाई के बाद जब्त वाहनों को पुलिस थाना कोनी और जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है।
कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने 11, 12 और 13 मार्च को जिले के कई क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान निरतु, लोफंदी, कच्छार, लछनपुर, रतनपुर, लमेर, लारिपारा, घुटकू, सेंदरी, कोनी, बिरकोना, मोपका, चकरभाठा, दर्रीघाट और जयरामनगर-मस्तूरी क्षेत्र में वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान लारिपारा क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली, सेंदरी क्षेत्र से 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली और कोनी क्षेत्र से 1 हाइवा को पकड़ा गया। इसी तरह जयरामनगर-मस्तूरी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते 3 हाइवा और गिट्टी परिवहन करते 1 हाइवा वाहन को भी जब्त किया गया।
खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खनिजों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





