Cg news: बोलेरो के गुप्त चेंबर से 18 किलो गांजा बरामद; होली से पहले नशे की बड़ी खेप पकड़ी, 5 तस्कर गिरफ्तार

Cg news।जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर दो बड़ी कार्रवाइयां करते हुए लाखों रुपये का गांजा जब्त किया है। कुनकुरी और सिटी कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से करीब 43 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 21 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में कुल 5 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बोलेरो में बना था ‘स्पेशल चेंबर’
पहली बड़ी सफलता कुनकुरी पुलिस को मिली। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की एक बड़ी खेप मध्य प्रदेश पासिंग बोलेरो (MP 66 ZH 6806) के जरिए सिंगरौली ले जाई जा रही है।
पुलिस ने जब घेराबंदी कर वाहन को रोका और उसकी बारीकी से तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए। तस्करों ने वाहन के नीचे एक मॉडिफाइड गुप्त चेंबर बना रखा था। इस चेंबर को खोलने पर उसमें से 18.4 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 9 लाख रुपये है।
रिश्तेदार निकला सप्लायर
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामेश्वर यादव, गोलारमन और शिवराम के रूप में हुई है। पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि गांजे की यह खेप उन्हें ओडिशा में रहने वाले एक रिश्तेदार (साला) ने दी थी। पुलिस ने उस रिश्तेदार को भी मामले में सह-आरोपी बनाया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम रवाना कर दी है।
सिटी कोतवाली की भी बड़ी कार्रवाई
कुनकुरी के साथ-साथ जशपुर सिटी कोतवाली पुलिस ने भी एक अन्य कार्रवाई में दो आरोपियों को दबोचा है। इनके पास से 24.840 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 12.42 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
मामले की जानकारी देते हुए डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा:
”होली के मद्देनजर नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी है। हम जिले को ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल करने वाले तस्करों पर पैनी नजर रख रहे हैं। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई 14 लाख रुपये की बोलेरो को भी जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





